Home » छत्तीसगढ़ » भनपुरी की पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, दो मजदूरों की मौत

भनपुरी की पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, दो मजदूरों की मौत

👤 admin5 | Updated on:15 May 2017 11:53 AM GMT
Share Post

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी इलाके में संचालित एक पेंट (केमिकल) फैक्ट्री में आग लगने से दो श्रमिकों की मौत हो गई, वहीं तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। इस आगजनी में फैक्ट्री मालिक और उनके एक-दो परिजनों के भी झुलस जाने की सूचना है। रायपुर के साथ ही भिलाई की दमकल टीमें आग बुझाने में जुटी हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भनपुरी इलाके के विद्या सागर के पास ही एक पेंट (केमिकल) फैक्ट्री है। मकाननुमा यह पेंट फैक्ट्री घने और रिहायशी इलाके में संचालित हो रहा है। रोज की तरह आज भी यहां मजदूर काम करने पहुंचे थे। सुबह अचानक फैक्ट्री से धुंआ निकलते देख आसपास के लोग सकते में आ गए। लोग कुछ समझ पाते, इसके पहले ही फैक्ट्री के अंदर से धमाके की आवाज से लोग सहम गए। इसके बाद यहां आग तेजी से फैलने लगी। फैक्ट्री के अंदर काम करने वाले कुछ लोग बाहर निकले और इसके बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए आगे बढ़े तो मजदूरों ने बताया कि अंदर और भी लोग फंसे हुए हैं। इसके बाद तो यहां कोहराम मच गया, तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, खमतराई थाना और दमकल विभाग को आगजनी की सूचना दी गई। बताया जाता है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर यहां जमा भीड़ को हटाया और बुरी तरह से झुलस चुके मजदूरों को एंबुलेंस बुलवाकर तत्काल अस्पताल रवाना किया। इस बीच दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गई थी। लेकिन पेंट के डिब्बों में हो रहे लगातार विस्फोट के चलते आग तेजी से फैल गई। बताया जाता है कि इस आगजनी में चार मजदूर बुरी तरह से झुलस गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसी बीच दोपहर में सूचना आई कि अस्पताल में भर्ती कराए गए एक श्रमिक की मौत हो गई है। इसके अलावा घटना स्थल से एक महिला का भी जला हुआ शव बरामद कर लिया गया है। इस तरह इस आगजनी से दोपहर तक दो लोगों की मौत की पुष्टि कर ली गई थी।

इधर आगजनी की सूचना मिलने पर फैक्ट्री संचालक सतीश सग्गर के भी मौके पर पहुंचने और बचाव के दौरान सतीश के साथ ही उनके एक-दो परिजनों के भी झुलस जाने की सूचना थी। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी।

Share it
Top