Home » मनोरंजन » शिमला और मनाली में छह जनवरी तक नहीं होगी बर्फ़बारी

शिमला और मनाली में छह जनवरी तक नहीं होगी बर्फ़बारी

👤 Veer Arjun | Updated on:2 Jan 2024 12:38 PM GMT

शिमला और मनाली में छह जनवरी तक नहीं होगी बर्फ़बारी

Share Post

शिमला। नए साल का जश्न मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। शिमला, मनाली, डल्हौजी, कसौली और धर्मशाला में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। अधिकांश सरकारी व निजी होटलों में दो जनवरी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। शिमला और मनाली में करीब 95-95 फीसदी होटल सैलानियों से पैक हैं।

पिछले दो हफ्तों में दो लाख के करीब वाहन शिमला में दाखिल हुए हैं। इनमें ज्यादा तादाद बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहनों की है। शिमला में नए साल का स्वागत करने के लिए सैलानियों का पहुंचना लगातार जारी है। दिल्ली चंडीगढ़ और हरियाणा से शिमला आने वाली बसों में भारी भीड़ है। इसी तरह कालका से शिमला आने वाली ट्रेन भी यात्रियों से खचाखच भर कर आ रही है। शिमला में सैलानियों के वाहनों की आमद बढ़ने से सभी पार्किंग स्थल भर गए हैं।

जिला प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थलों का चयन किया है। हालांकि शिमला और मनाली में इस बार पिछले साल की तुलना में कम सैलानी पहुंचे हैं। इसका कारण बर्फ़बारी न होना है। शिमला, मनाली और कुफरी में अक्सर दिसम्बर महीने में बर्फ़बारी होती रही है। लेकिन इस बार सैलानियों को बर्फ़बारी का दीदार नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी पांच जनवरी तक प्रदेश में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है।

हिमाचल प्रदेश टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सेठ का कहना है कि शिमला आने वाले सैलानियों की संख्या इस बार पिछले साल से कम है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस के बाद नववर्ष पर भी मनाली में पर्यटकों की ठीकठाक भीड़ जुटी है।

शिमला में विंटर कार्निवल बना सैलानियों की पसन्द

शिमला में सैलानियों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सैलानी जम कर लुत्फ उठा रहे हैं। कार्निवाल में लगे स्टालों में सैलानी जमकर खरीददारी भी कर रहे हैं। पर्यटकों को विंटर कार्निवल काफी भा रहा है। इसी तरह मनाली में पहली जनवरी से विंटर कार्निवाल शुरू होगा, जिसका उदघाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे।

डीजे और डांस की पार्टियों में परोसे जाएंगे पहाड़ी व्यंजन

प्रदेश में पहुंच रहे सैलानियों की यात्रा को यादगार बनाने के लिए पर्यटन कारोबारी होटलों में डीजे, डांस की विशेष पार्टियों का आयोजन भी कर रहे हैं। इसके अलावा पहाड़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे। शिमला के हॉलिडे होम, होटल पीटरहॉफ, पैलेस होटल चायल, होटल पाइन बुड बड़ोग सहित बड़े होटलों में मेहमानों के लिए पैकेज़ जारी किए गए हैं। होटलों में नए साल के जश्न पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में डीजे म्यूज़िक, कपल डांस, पेपर डांस, स्टेच्यू डांस, केंडल डांस और चिल्ड्रन डांस इत्यादि गतिविधियां शामिल होंगी। हिमाचली व्यजंनों में सिड्डू, पहाड़ी डोसा, धाम, पहाड़ी खिचडू और अन्य प्रकार के लज़ीज़ व्यंजन मेहमानों को परोसे जाएंगे।

पर्यटन निगम के होटल में 40 फीसदी छूट, निजी होटल भी दे रहे हैं डिस्काउंट

सैलानियों को आकर्षित करने के लिये पर्यटन निगम के 55 होटलों में 40 फीसदी डिस्काउंट दी जा रही है। वहीं शिमला और मनाली के अधिकांश निजी होटलों में 20 से 30 फीसदी डिस्काउंट के साथ तीन दिन के ठहराव के साथ चौथी रात मुफ्त रखी गई है।

शक्तिपीठ सजाए गए, देवी दर्शन से होगा नए साल का आगाज़

नववर्ष के भव्य आगाज के लिए भारी संख्या में लोग पर्यटन स्थलों में पहुंचे हैं। हज़ारों लोग ऐसे भी हैं, जो शक्तिपीठों में माथा टेक कर अपने दिन की शुरुआत करेंगे। प्रदेश की शक्तिपीठों को 2 दिन पहले ही फूलों से सजा दिया गया है। ज्वाला जी, बृजेश्वरी, बगलामुखी, चामुंडा, श्री नैना देवी जी में श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न शक्तिपीठों के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सुबह जल्दी खुल जाएंगे।

शिमला और मनाली में छह जनवरी तक नहीं होगी बर्फ़बारी

हिमाचल प्रदेश की वादियों में बर्फबारी के लिए पर्यटकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। पर्यटकों की व्हाइट न्यू ईयर बनाने की हसरत इस बार भी पूरी नहीं होगी। मौसम विभाग ने आगामी छह जनवरी तक शिमला और मनाली सहित प्रदेश भर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। ऐसे में हिमाचल का रूप करने वाले पर्यटकों को इस बार भी यहां बर्फ का दीदार नहीं होगा।

Share it
Top