Home » राजस्थान » पूरे देश की आवाज है, अबकी बार 400 पार: योगी

पूरे देश की आवाज है, अबकी बार 400 पार: योगी

👤 Veer Arjun | Updated on:20 April 2024 11:33 AM GMT

पूरे देश की आवाज है, अबकी बार 400 पार: योगी

Share Post

निम्बाहेड़ा। लोकसभा चुनाव में चित्तौडग़ढ़ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी एवं राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के समर्थन में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने रोड शो कर भाजपा को विजय बनाने की अपील की। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोड शो में सीएम योगी के स्वागत के लिए पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में लोकसभा प्रत्याशी सीपी जोशी के हजारों समर्थकों ने पुष्प वर्षा कर निम्बाहेड़ा को जय श्री राम एवं मोदी-योगी-जोशी के नारों से गुंजायमान कर दिया। रोड शो के दौरान खुली जीप में सीएम योगी के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं प्रत्याशी जोशी एवं विधायक कृपलानी ने क्षेत्र की जनता का अभिवादन स्वीकार कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।

गर्मी की तेज धूप भी कम नहीं कर पाई समर्थकों का उत्साह, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी का रोड शो माल गोदाम रोड स्थित रेलवे स्टेशन के यहां से दोपहर करीब 1 बजे आरंभ हुआ, जो रामद्वारा, चित्तौड़ी गेट, पंचोली चौराहा, चंदन चौक, परशुराम सर्कल होते हुए शेखावत सर्कल पहुंचा। वर्तमान में गर्मी के मौसम एवं तेज धूप भी रोड़ शो में आने से हजारों समर्थकों को रोक नहीं पाई। इस दौरान जोशी के हजारों समर्थकों ने रोड शो के मार्ग में योगी के स्वागत के लिए के नगर वासियों ने छतों से, मार्ग में जगह-जगह मंच बना कर एवं जहां स्थान मिला वहां से गुलाब के पुष्प की वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

पूर्व उप राष्ट्रपति शेखावत की मूर्ति पर माल्यार्पण कर किया नमन

सीएम योगी ने करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोड शो के अंतिम पड़ाव शेखावत सर्कल पर पहुंच कर देश के पूर्व उप राष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्व. श्री भैरो सिंह शेखावत की आदमकद प्रतिमा पर गुलाब के पुष्प की माला पहनाकर नमन किया। इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी जोशी एवं विधायक कृपलानी ने भी स्वर्गीय शेखावत को नमन कर आर्शीवाद लिया।

पूरे देश की आवाज है, अबकी बार 400 पार- योगी

रोड़ शो के समापन पर स्व. श्री भैरो सिंह शेखावत को नमन करने के पश्चात हजारों समर्थकों को सम्बोधित किया। सीएम योगी ने अपना उद्बोधन मेवाड़ की धरा को नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की धरा राष्ट्रवाद के मुद्दे से कभी विचलित नहीं हुई है, मैं मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम की धरा से ऐसी वीर भूमि को नमन करने आया हूं। उन्होने कहा कि देश में प्रथम चरण के सम्पन्न मतदान बताते हैं कि सम्पूर्ण देश की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता सौंपने का निर्णय कर लिया है और मोदी जी के नेतृत्व में अबकी बार ४०० पार का लक्ष्य अवश्य सफल होने जा रहा है।

योगी ने कहा कि कांग्रेस की साम्प्रदायिक एवं जातिवादी सोच के कारण देश पहले ही भारी नुकसान झेल चुका है। कांग्रेस ने हमेशा देश को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया है, जिसका दंश आज भी देश भुगत रहा है। योगी ने कहा कि भगवान श्री राम के जन्म पर ही प्रश्न उठाते हुए कांग्रेस सदैव हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ करती आई है। उन्होंने कहा कि जो हमारी आस्था का सम्मान नहीं कर सकते, हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ नहीं कर सकते, हमारे विरासत एवं विकास की यात्रा में हमारे सहभागी नहीं बन सकते उन्हें सत्ता में आने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए और कांग्रेस अपना यह अधिकार खो चुकी है।

सीएम योगी ने की जोशी की जमकर तारीफ

यूपी के सीएम योगी ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी के नेतृत्व में हुए उत्कृष्ट कार्यों का ही नतीजा है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनी और इनके दिल्ली पहुंचने पर देश की संसद में भी राजस्थान की आवाज पुरजोर तरीके से बुलंद हो कर गुंजायमान रहे। योगी ने हजारों समर्थकों से आव्हान किया कि अपने लोकप्रिय सांसद जोशी को वर्ष 2014 एवं 2019 के योग से भी अधिक मतों से इस बार विजयी बनाकर संसद भेजे।

रोड शो के दौरान यह रहे मौजूद रहे

निम्बाहेड़ा में निकले रोड़ शो के दौरान राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट, प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत, विधानसभा संयोजक एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा, विधानसभा प्रभारी रतनलाल गाडरी, जिला प्रमुख भूपेन्द्र सिंह बडौली, पूर्व जिला प्रमुख प्रतापगढ़ बद्रीलाल पाटीदार, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ धनराज शर्मा, पंचायत समिति प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्व प्रधान छोटीसादड़ी महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व नपा अध्यक्ष श्यामसुन्दर अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश मंत्री गब्बर सिंह अहीर, भाजपा एसटी प्रकोष्ठ प्रदेश मंत्री अमर सिंह रावत, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगल किशोर धाकड़, छोटीसादड़ी नगर अध्यक्ष रामचन्द्र माली, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष कैलाश गुर्जर, पश्चिमी मण्डल अध्यक्ष रमेश गोपावत, भाजयुमो विधानसभा प्रभारी ध्रुव श्रीमाली, भाजयुमो जिला अध्यक्ष जयपाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share it
Top