वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

जहाँगीर पुरी में पीडब्लूडी के अधीन आने वाले नालों की सफाई को लेकर होगा आंदोलन : एमएल भास्कर

प्रकाशित: 09-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (वीर अर्जुन)। रोहिणी जिला कांग्रेस कमेटी एससी/एसटी सेल के अध्यक्ष एम एल भास्कर ने कहा है कि जहाँगीर पुरी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी के अधीन आने वाले नालों की सफाई एवं गाद निकासी को लेकर पिछले लगभग छह महीनों से लगातार संबंधित विभाग तथा दिल्ली सरकार को पत्र लिखे जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि जहाँगीर पुरी लाल बत्ती से लेकर थाना जहांगीरपुरी, ई ब्लॉक तथा प्रयास संस्था तक स्थित नालों की हालत बेहद खराब है। मानसून का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन अभी तक नालों की समुचित सफाई नहीं कराई गई है। यदि समय रहते सफाई कार्य पूरा नहीं हुआ तो बरसात के दौरान जहाँगीर पुरी के विभिन्न ब्लॉकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिससे हजारों क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। एम एल भास्कर ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से उदासीनता बरती जा रही है। उन्होंने दिल्ली सरकार एवं पीडब्ल्यूडी विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जून माह के अंत तक नालों की संपूर्ण सफाई एवं गाद निकासी का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो उनके नेतृत्व में रोहिणी जिला कांग्रेस कमेटी एससी/एसटी सेल द्वारा पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार और पीडब्ल्यूडी विभाग की होगी।