वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेता की बेरहमी से हत्या, विधानसभा चुनाव से पहले मचा हड़कंप

प्रकाशित: 19-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेता की बेरहमी से हत्या, विधानसभा चुनाव से पहले मचा हड़कंप
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय नेता की हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मशिउर काजी के रूप में हुई है, जो देगंगा क्षेत्र के चपातला ग्राम पंचायत के गंगनिया गांव के निवासी और पार्टी के बूथ अध्यक्ष थे। उनका शव हाडोया के झुजुरगाछा इलाके में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ।
परिवार के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:30 बजे मशिउर को एक फोन कॉल आया था। कॉल पर बात करने के बाद वह घर से बाहर चले गए, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह तक कोई खबर न मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उनका शव झुजुरगाछा इलाके में मिला। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है, खासकर विधानसभा चुनाव से पहले।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। चुनाव से पहले इस तरह की वारदात ने विभिन्न दलों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका को और गहरा कर दिया है।
इसी बीच, दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर थाना क्षेत्र के जयतला इलाके में पुलिस ने एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए नाका जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसके पास से एक लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, वह बाइक से जा रहा था और तलाशी लेने पर बैग में नकदी मिली। आरोपी तिलपी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वह कुरालिया की ओर जा रहा था। फिलहाल पुलिस पैसे के स्रोत की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।