वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

एनसीआर के विकास के लिए राज्यों को मिलकर करना होगा प्रयास : रेखा गुप्ता

प्रकाशित: 17-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के समग्र एवं संतुलित विकास तथा वहां के निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एनसीआर से जुड़े सभी राज्यों को मिलकर गंभीर और सतत प्रयास करने होंगे। क्षेत्रीय विकास की गति तभी तेज होगी जब सभी राज्य समन्वित दृष्टिकोण के साथ कार्य करेंगे। ऐसा करने से विकास के लाभ एनसीआर के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह विचार मंगलवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (एनसीआरपीबी) की 42वीं बैठक में व्यक्त किए। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सहित दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित राज्यों को संयुक्त रूप से कार्य करना होगा ताकि क्षेत्र में समुचित विकास सुनिश्चित हो सके और नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर बने। दिल्ली सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी प्रकार एनसीआर के अन्य राज्यों को भी विकास की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे, जिससे दिल्ली पर बढ़ते जनसंख्या दबाव को कम किया जा सके और क्षेत्रीय संतुलन स्थापित हो।
बैठक के दौरान दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान के बीच संस्थागत समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने, क्षेत्रीय आवागमन एवं संपर्क सुविधाओं में सुधार, विकास परियोजनाओं के ािढयान्वयन में तेजी लाने तथा एनसीआर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह संतोष का विषय है कि एनसीआर क्षेत्र में परिवहन और कनेक्टिविटी का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे लोगों की आवाजाही अधिक सुगम हुई है। इस दिशा में सभी राज्यों को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे ताकि एनसीआर का कोई भी क्षेत्र बेहतर संपर्क सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के अतिरिक्त हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी वर्तमान में समान विचारधारा वाली सरकारें बेहतर समन्वय से कार्य कर रही हैं तथा जनता के हित, राज्य और विकास को प्राथमिकता दे रही हैं। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि विभिन्न विकास योजनाओं के ािढयान्वयन में तेजी आई है और राज्यों के बीच समन्वय पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुआ है। चारों राज्यों की प्राथमिकता एनसीआर क्षेत्र का समग्र विकास और वहां के निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक में एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण का विषय भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर और साझा चुनौती है, जिससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चारों राज्यों को मिलकर दीर्घकालिक और ठोस प्रयास करने होंगे। यदि सभी राज्य प्रदूषण नियंत्रण के लिए समान नीति, आधुनिक तकनीक और उपयुक्त संसाधनों का समन्वित उपयोग करें तो इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। यह केवल वर्तमान पीढ़ी ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और भविष्य से भी जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरे एनसीआर क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण और हरियाली संवर्धन अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए।
इस दिशा में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं, विशेषज्ञों और विभिन्न हितधारकों को साथ लेकर कार्य करना आवश्यक है, ताकि एनसीआर को अधिक स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से संतुलित क्षेत्र बनाया जा सके।