वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्यमंत्री बोले:पीएम के मार्गदर्शन में नीति,नीयत और संकल्प के साथ बढ़ रहा यूपी

प्रकाशित: 15-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुख्यमंत्री बोले:पीएम के मार्गदर्शन में नीति,नीयत और संकल्प के साथ बढ़ रहा यूपी
लखनऊ,(वीअ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश नीति, नीयत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति से प्रगति के पथ पर उत्तरोत्तर आगे बढ़ रहा है। आज प्रदेश में विकास, सुरक्षा, रोजगार, एग्रीकल्चरल ग्रोथ सहित प्रत्येक क्षेत्र में नये मॉडल देखने को मिल रहे हैं। अब विकास केवल लखनऊ, वाराणसी तथा गोरखपुर तक सीमित नहीं है, प्रदेश के सभी 75 जनपदों में विकास हो रहा है। प्रदेश के सभी जनपदों में बिजली समान रूप से मिलती है। प्रदेश में विकास का पैमाना व्यक्ति, जाति, मत, मजहब, क्षेत्र तथा भाषा नहीं, बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास' ही हमारा मूल मंत्र है। भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों तथा अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां द टाइम्स ऑफ इण्डिया द्वारा आयोजित ‘डिफाइनिंग 09 ईयर्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन' (फ्रॉम प्रोग्रेस टू प्रॉस्पेरिटी उत्तर प्रदेश लीड्स अहेड, 09 ईयर्स ऑफ प्रोग्रेस, ड्राइविंग ग्रोथ, एमपॉवरमेन्ट एण्ड प्रॉस्पेरिटी एाढा@स उत्तर प्रदेश) कॉन्क्लेव में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह कॉन्क्लेव वर्तमान पीढ़ी को प्रदेश की 09 वर्षां की यात्रा से अवगत कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें देश हित में सोचने की आवश्यकता है। यह आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। देश रहेगा, तो हम सब रहेंगे। देश सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं। संकट के समय प्रधानमंत्री जी के आह्वान से जुड़कर हम देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे सकते हैं। प्रधानमंत्री जी की पूरी अपील को ध्यान से पढ़ें, चिंतन, मनन व चर्चा करें तथा उसके पश्चात निष्कर्ष निकालें। जहां पर एक ही ऑफिस में जाने वाले पांच लोग हैं, वहां पांचों लोग अलग-अलग कार से जाने की बजाय एक कार से जाएं। जिस शहर में ऑफिस व प्रतिष्ठान जाने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल या शटल बस की सुविधा है, उसका उपयोग करना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य बनता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश में सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में जन-बल यहां की समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सकता था, लेकिन आजादी के बाद राजनीतिक नेतृत्व उसे उचित प्लेटफॉर्म देने में विफल रहा। परिणामस्वरूप, चारों ओर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। आज से 09-10 वर्ष पूर्व, लोगों ने उत्तर प्रदेश को प्रश्न प्रदेश बना दिया था। युवाओं के सामने पहचान का संकट था। व्यापारी पलायन कर रहे थे। किसान आत्महत्या कर रहे थे। पर्व और त्योहार से पहले उत्सव की जगह उपद्रव शुरू हो जाते थे। बिजली, सड़क तथा सरकारी पॉलिसी का अभाव था। परम्परागत उद्यम दम तोड़ रहे थे। उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर प्रदेशवासियों ने डबल इंजन सरकार पर विश्वास किया। सरकार बनने के पश्चात लगभग एक महीने तक अलग-अलग मंत्रालयों से सम्बन्धित विभागों के प्रेजेंटेशन व उन पर चर्चा होती थी। कार्य योजना बनती थी। बहुत सारे लोगों की समझ में नहीं आ रहा था, यह क्या हो रहा है। उनको नहीं पता था कि इस कार्य योजना में उस नए उत्तर प्रदेश का भविष्य छिपा हुआ है, जो भारत के ग्रोथ इंजन की नई यात्रा प्रारम्भ करने वाला है।
वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश का कुल वार्षिक बजट लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये था। लगभग 20 करोड़ की आबादी के लिए यह बजट अपर्याप्त था। उद्योग धन्धे बन्द थे। लोगों के चेहरे पर कोई रौनक नहीं थी। हताशा-निराशा के वातावरण में प्रत्येक व्यक्ति एक नई सम्भावनाओं की ओर देखता था। तब हमने अनुभव किया कि कुछ जगहों पर सख्ती करनी पड़ सकती है। कुछ लोगों को प्रोत्साहित करना पड़ सकता है। बिना किसी भेदभाव के लोगों को इन्सेंटिव देने पड़ेंगे। सपोर्ट करना पड़ेगा, इसके लिए पॉलिसी बनाना आवश्यक है। हमें भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद को प्रदेश में बढ़ने नहीं देना है, क्योंकि यह प्रवृत्तियां प्रदेश को गर्त में ले जाने वाली हैं। हम अब तक इन प्रवृत्तियों से प्रदेश को बचाए रखने में सफल हुए हैं, इसके परिणाम आप सभी के सामने हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेस-वे, रेलवे तथा मेट्रो का बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर देखने को मिल रहा है। देश के एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। एक्सप्रेस-वे के माध्यम से राज्य के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचा जा सकता है। आज से 09 वर्ष पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि राज्य में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे तथा देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेस-वे बनेगा। भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर में बनेगा। इस एयरपोर्ट पर आगामी 15 जून से वायु सेवा प्रारम्भ होने जा रही है। वहां भारत का पहला एम0आर0ओ0 तथा सबसे बड़ा लॉजिस्टिक हब बनने जा रहा है।
जेवर सचमुच अब भारत का जेवर बन गया है। दुनिया की सबसे बड़ी व सबसे अच्छी कम्पनियां आज नोएडा में स्थापित हो रही हैं। प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है। भारत की पहली रैपिड रेल दिल्ली-मेरठ के बीच चल रही है। इनलैण्ड वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच प्रारम्भ हो चुका है। उत्तर प्रदेश को नेपाल, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखण्ड, दिल्ली से फोर लेन सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा जा चुका है।