वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दुबग्गा में बनेगा 1812 मीटर लंबा फ्लाईओवर, 305 करोड़ रुपये होंगे खर्च

प्रकाशित: 31-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
टमेट्रो के एलिवेटेड रूट के ऊपर से गुजरेगा नया फ्लाईओवर; 5 लाख आबादी को मिलेगी जाम से राहत
लखनऊ,(वीअ)। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा चौराहे पर जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां प्रस्तावित नए फ्लाईओवर को लेकर सेतु निगम और यूपी मेट्रो के बीच सहमति बन गई है। फ्लाईओवर मेट्रो के एलिवेटेड रूट के ऊपर से गुजरेगा और जमीन पर काम शुरू होने के बाद इसे करीब डेढ़ से दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई डिजाइन के अनुसार फ्लाईओवर एल-शेप में 1811.72 मीटर लंबा होगा। इसके निर्माण पर करीब 305.31 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फ्लाईओवर बुद्धेश्वर-कानपुर की ओर से आने वाली सड़क से उठेगा और दुबग्गा चौराहे के ऊपर से गुजरते हुए हरदोई रोड पर उतरेगा।
मेट्रो रूट के कारण बदली डिजाइन
दुबग्गा में प्रस्तावित मेट्रो के एलिवेटेड रूट के कारण फ्लाईओवर की पुरानी डिजाइन में बदलाव किया गया है। पहले फ्लाईओवर को ठाकुरगंज की ओर से उठाने की योजना थी, लेकिन मेट्रो कॉरिडोर के साथ समन्वय के बाद नई डिजाइन तैयार की गई है। फ्लाईओवर के निर्माण से दुबग्गा चौराहे पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे करीब 5 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। कानपुर, हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर, आईआईएम रोड, आगरा एक्सप्रेसवे और कानपुर रोड की ओर आने-जाने वाले वाहनों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
ढाई मीटर जमीन के लिए शासन स्तर पर वार्ता
फ्लाईओवर का निर्माण सेतु निगम कराएगा। परियोजना को जमीन पर उतारने की दिशा में तैयारियां चल रही हैं। पिलर निर्माण के लिए मंडी परिषद से करीब ढाई मीटर जमीन लिए जाने को लेकर शासन स्तर पर वार्ता जारी है। जमीन संबंधी प्रािढया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नए फ्लाईओवर के बनने से दुबग्गा चौराहा शहर के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग के रूप में और मजबूत होगा। इससे रोजाना गुजरने वाले हजारों वाहनों को बिना चौराहे पर रुके आगे निकलने का रास्ता मिलेगा और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।