वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सूने घर में धावा,गुल्लक तोड़ ले गए 40 हजार,चोरी की घटना से परिवार में मचा हड़कंप

प्रकाशित: 12-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पैलानी/बांदा ,(वीअ)। थाना क्षेत्र के सिंधन कलां गांव में बेखौफ चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और सामान पार कर दिया।रात के अंधेरे में घर में घुसे चोरों ने ताले तोड़कर जमकर उत्पात मचाया और दो गुल्लक तोड़कर उनमें रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी समेट ले गए।सुबह घटना की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया।गांव निवासी राजाराम पुत्र जागेश्वर ने बताया कि वह बुधवार की रात गांव के ही भूरा महाराज के ट्यूबवेल पर रखवाली करने गया था।उसका पुत्र शिवबाबू रोजी-रोटी कमाने के लिए सूरत में रहता है, जबकि घर के बच्चे अपनी दादी के यहां सोने चले गए थे।घर सूना पाकर चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए।इसके बाद उन्होंने कमरे का ताला तोड़ा और पूरे घर को खंगाल डाला।पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर में रखे दो गुल्लक बॉक्स तोड़ दिए और उनमें जमा करीब 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।चोर अपने साथ अन्य सामान भी उठा ले गए हैं,हालांकि पुत्र शिवबाबू के सूरत से वापस आने के बाद ही चोरी गए सामान का सही आकलन हो सकेगा।गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो दरवाजों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था।यह देख उनके होश उड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।पीड़ित ने थाना पैलानी में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है।गांव में बढ़ रही छोटी मोटी चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।