वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बशीर बद्र मानवीय संवेदनाओं और सरोकारों के शायर

प्रकाशित: 30-05-2026 | लेखक: संपादकीय टीम
डॉ. एस.के. पांडेय
उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो,
न जाने किस गली में ज़िंदगी की शाम हो जाए।''
बशीर बद्र अपने इस शेर में जिंदगी की शाम की बात करते हैं, यानी इस दुनिया से हमेशा के लिए अलग होने की बात करते हैं। सच्चाई यह है कि ये शाम हरेक की जिंदगी में आनी है। बहुत दुःख के साथ कहना पड़ता है कि बशीर बद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे और उस ‘शाम' का हिस्सा बन गए। अपने एक शेर में वे बताते हैं- “मुसा]िफर हैं हम भी मुसा]िफर हो तुम भी, किसी मोड़ पर फिर मुल़ाकात होगी।'' ...और वे फिर कभी मुलाकात न होने वाले सफर पर वे चले गए।
उर्दू और हिन्दी के जाने-माने शायर बशीर बद्र का जाना निश्चय ही साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। बशीर बद्र आम जन की ज़ुबान और ज़ेहन के शायर हैं। उनकी लिखी पंक्तियाँ लोगों के द्वारा माहौल के अनुसार बोली, सुनाई या उद्धृत की जाती हैं। किसी बड़े कवि, शायर या लेखक की यही सबसे बड़ी पहचान होती है कि जब उसकी लिखी पंक्तियाँ माहौल के अनुसार लोगों को सुकून देने में सहायक हों, तो वह बड़ा रचनाकार है। इस कसौटी पर देखा जाए, तो बशीर बद्र अग्रणी पंक्ति के शायर हैं। बशीर बद्र ऐसे लोकप्रिय शायर हैं, जिन्होंने अपनी शायरी के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, रिश्तों और सामाजिक सरोकारों को अत्यंत सरल भाषा में रेखांकित करने का प्रयास किया है। वे ऐसे शायर हैं, जो जन-मानस से जुड़े हुए हैं। उनकी शायरी में जीवन के विविध पक्ष, जैसे- प्रेम, विरह, अकेलापन, स्मृतियाँ, मानवीय संबंधों की गर्माहट और जीवन की विडंबनाएँ प्रमुख रूप से दिखाई देती हैं। उनकी सबसे बड़ी ख़ासियत यह भी दिखती है कि वे हमेशा आम आदमी से जुड़े रहते हैं। उनकी शायरी में आम आदमी की उलझन के साथ ही उसकी अनकही कहानी भी दिखती है। उनकी यही विशेषता उन्हें लोकप्रियता के शिखर पर पहुँचाती है।
बशीर बद्र की शायरी सोच-समझकर या दिमागी कसरत से तैयार की हुई नहीं लगती, क्योंकि उनकी शायरी में कहीं भी बनावटीपन नहीं दिखाई देता। वे सहजता से कहते हैं- “कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से, ये नए मिज़ाज का शहर है ज़रा फ़ासले से मिला करो।'' शेर के इन 21 शब्दों के माध्यम से बशीर बद्र ने अजनबी रिश्तों की पूरी कलई खोल दी है। इस शेर को दोस्तों से बातचीत करते, बहस करते, मंचों से, सभाओं में अक्सर सुना जा सकता है।
एक शेर में वे हालात, मजबूरी या लाचारी को इस अंदाज में कहते है कि उनके शब्द चयन का लोहा मानना पड़ता है। देखिए, बेवफाई को किस तरह उन्होंने बिना बड़ा इल्जाम लगाए कह दिया- “कुछ तो मजबूरियाँ रही होंगी, यूँ ही कोई बेव़फा नहीं होता।'' इस शेर में एक तरफ जहाँ गहराई का भाव है, वहीं दूसरी तरफ यह इंसानी संवेदनाओं का उदाहरण भी है। इसमें वे बेवफाई को मानवीय विवशताओं से जोड़ कर देखते हैं। कहा भी गया है कि मनुष्य परिश्तियों का दास होता है।
बशीर बद्र एक ऐसे शायर हैं, जो बहुत ही सहजता से अपनी बात कहते हैं और जिस सहजता से वे अपनी बात कहते हैं, लोग उसी सहजता से उनकी बात को समझ भी लेते हैं। जैसे- “बड़े लोगों से मिलने में हमेशा फ़ासला रखना, जहाँ दरिया समुंदर से मिला दरिया नहीं रहता।'' इस शेर में सहजता के साथ ही जीवन के गहरे अनुभव और सामाजिक सच्चाई का भी समावेश है। चंद शब्दों में वे बहुत गहरी बात कहते हैं। समंदर बड़ा है, तो दरिया की भी अपनी पहचान है, लेकिन ये पहचान तब तक है, जब तक दरिया का स्वतंत्र अस्तित्व है। समंदर में मिलते ही दरिया का सब कुछ समाप्त हो जाता है। संकेतों के माध्यम से बशीर बद्र जीवन की एक बड़ी सच्चाई बताते हैं। संबंधों के साथ ही अहमियत को बनाए रखने के लिए फासले जरूरी हो जाते हैं।
जीवन में संबंधों की बड़ी अहमियत है। वे इस अहमियत को इन शब्दों में रेखांकित करते हैं- “दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएँ तो शर्मींदा न हों।'' खराब से खराब स्थिति में भी रिश्तों को कैसे निभाना चाहिए, इसे समझने के लिए ये पंक्तियाँ काफी हैं। कटुता, नफरत और दुश्मनी के बीच भी रिश्ते को निभाने की नसीहत बशीर बद्र जैसा महाशायर ही दे सकता है। उनका यह शेर जीवन की वास्तविक समझ को दर्शाता है, जो जीवन की सच्चाई भी है, क्योंकि परिस्थितियाँ बदलती रहती हैं। ऐसी स्थिति में कब कौन किसका दोस्त हो जाए और कब कौन किसका दुश्मन हो जाए नहीं पता, इसलिए वे व्यवहार में मर्यादा की बात करते हैं। दरअसल वे इंसानियत को बनाए रखने, बचाए रखने की बात करते हैं। वे बताते हैं कि रिश्तों को कभी खराब नहीं करना चाहिए। हाँ, इसके लिए संयम और सहनशीलता जरूरी हैं।
एक शेर में बशीर बद्र ने मानवता, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया है तथा सृजन को सम्मान करने की प्रेरणा देने की कोशिश की है। वे कहते है- “लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में, तुम तरस नहीं खाते बस्तियाँ जलाने में।'' इस शेर में बशीर बद्र ने निर्माण और विनाश के बीच के गहरे अंतर को समझाया है। उनका मानना है कि घर केवल ईंट-पत्थरों से नहीं बनता, बल्कि उसमें व्यक्ति के सपने, परिश्रम, त्याग और भावनाएँ भी जुड़ी होती हैं। किसी परिवार को अपना आशियाना बनाने में वर्षों लग जाते हैं, जबकि उसे नष्ट करने में केवल कुछ क्षण लगते हैं। वे उन लोगों की संवेदनहीनता पर प्रश्न उठाते हैं जो अपने स्वार्थ, ाढाsध या हिंसक प्रवृत्ति के कारण दूसरों की खुशियों से खिलवाड़ करते हैं ।
जमीन से जुड़े शायर हैं बशीर बद्र। इसलिए अपने एक शेर में कहते है- “शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है, जिस डाल पे बैठे हो वो टूट भी सकती है।'' जीवन में कुछ भी स्थायी नहीं है, इसी तरफ वे संकेत करते हैं। वे बताना चाहते हैं कि कुछ लोग सफलता, पद और लोकप्रियता में खो जाते हैं और उल्टे-सीधे कार्य करने लगते हैं। वैसे लोग भूल जाते हैं कि उनकी लोकप्रियता और प्रसिद्धि कब खत्म हो जाएगी, उन्हें पता नहीं होता। इसलिए जीवन में अहंकार को छोड़ कर यथार्थ में जीने की कला सीखनी चाहिए।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि बशीर बद्र एक ऐसे शायर हैं, जिन्होंने ग़ज़ल को आम जन से जोड़ा तथा आम जन के बीच इसे लोकप्रिय बनाया। उन्होंने अपनी शायरी के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, भावनाओं, सामाजिक सरोकारों और जीवन के यथार्थ को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से समझाने का प्रयास किया। मानवीय उलझनों, रिश्तों की नाजुकता तथा रिश्तों को निभाने की कोशिश उनकी शायरी में साफ तौर पर दिखाई देती है। समाज में बढ़ती संवेदनहीनता, टूटते पारिवारिक संबंधों और बदलते मानवीय मूल्यों पर भी उनकी शायरी प्रकाश डालती है। ऐसे कालजयी शायर को विनम्र श्रद्धांजलि।
(लेखक ः एमईआरआई कालेज में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं।)