रुपया 11 पैसे चढ़कर 94.65 प्रति डॉलर पर
प्रकाशित: 25-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुंबई, (भाषा)। रुपया बुधवार को 11 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.65 (अस्थायी) पर रहा। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से घरेलू मुद्रा को बल मिला। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.50 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी के निवेश प्रवाह ने भी रुपये को समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.88 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.59 से 94.93 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.65 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद स्तर से 11 पैसे अधिक है। रुपया मंगलवार को 13 पैसे टूटकर 94.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।