वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

आठ माह में 100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा : रेखा गुप्ता

प्रकाशित: 17-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
आठ माह में 100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा : रेखा गुप्ता
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जनसेवा, अंत्योदय और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने की भावना को समर्पित 'अटल कैंटीन' योजना' ने रविवार को एक महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। 25 दिसंबर 2025 को श्री वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर शुरू किए गए 100 अटल कैंटीन के संकल्प को दिल्ली सरकार ने आठ माह में पूरा कर लिया। 16 अगस्त 2026 को उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद और अन्य गणमान्य जनों की उपस्थिति में विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से 25 नई अटल कैंटीन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के अनुसार अब ये कैंटीन यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को भी पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएगी।
इस कार्पाम में विधायक सूर्य प्रकाश खत्री सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी व दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने अटल कैंटीन में भोजन भी किया और योजना के तहत उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि दिल्ली में 100 अटल कैंटीनों का शुभारंभ अत्यंत सराहनीय पहल है, जिसका उद्देश्य गरीबों, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों, श्रमिकों और दिल्ली में रोजगार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों को सस्ता व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य योजना नहीं, बल्कि समाज के सबसे जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा-भाव का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि 'सर्वे भवन्तु सुखिन, सर्वे सन्तु निरामयाः' की भावना को साकार करते हुए दिल्ली सरकार ने 100 अटल कैंटीन स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया और आज यह संकल्प पूरा हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर इस योजना को पूर्ण करने के लिए विशेष रूप से बधाई दी।
कार्पाम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा होना दिल्ली सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल श्रद्धेय श्री अटल जी की अंत्योदय की भावना और जनसेवा के आदर्शों को समर्पित एक सार्थक श्रद्धांजलि भी है। अटल जी का जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सम्मानजनक और पौष्टिक भोजन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आज एक कैंटीन दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के पास भी खोल दी गई है। इस यूनिवर्सिटी एरिया में विद्यार्थी अपना घर-परिवार छोड़कर हॉस्टलों, पीजी रूम्स में रहते हैं।
अब जरूरतमंद विद्यार्थी इस कैंटीन में पौष्टिक व सस्ता भोजन खा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप चिंता मत कीजिए, आपकी सरकार आपके साथ है और अटल कैंटीन आपका पेट भरने का काम भी करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि देश की राजधानी में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। उन्होंने विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली के उद्योग, व्यापार, दुकानें, निर्माण गतिविधियां और अनेक परिवार इन मेहनतकश भाई-बहनों के योगदान से चलते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनके प्रति संवेदनशीलता और सम्मान के साथ कार्य करे। उन्होंने कहा कि अटल कैंटीन जैसी योजनाएं सरकार की संवेदनशीलता और सेवा-भावना को धरातल पर उतारने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने 'जहां झुग्गी, वहां मकान' के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले केवल वर्ष 2015 से पहले अस्तित्व में आई झुग्गियों को मान्यता प्राप्त थी, जबकि अब 1 जनवरी 2025 से पहले बनी झुग्गियों को भी पहचान और आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने कदम उठाया है।
दिल्ली सरकार के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अटल कैंटीन केवल सस्ता भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि दिल्ली को बनाने वाले मेहनतकश हाथों के सम्मान का संकल्प है। दिल्ली की सड़कों, मेट्रो, बाजारों, बड़े भवनों और घरों की रोजमर्रा की व्यवस्था के पीछे लाखों श्रमिकों का परिश्रम है। ऐसे में उनके भोजन और सम्मान की चिंता करना सरकार का दायित्व है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इसी भावना के साथ अटल कैंटीन योजना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 'अंत्योदय से विकसित भारत तक, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के संकल्प के साथ दिल्ली सरकार आगे बढ़ रही है और अटल कैंटीन जैसी योजनाएं इसी संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर साकार कर रही हैं। श्री सूद ने कहा कि जितना जरूरी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को भूख से राहत देना है, उतना ही जरूरी उसके सिर पर पक्की छत सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर दिल्ली के जेजे क्लस्टरों के पुनर्वास की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही हैं, जिससे लगभग चार लाख परिवारों को लाभ मिलेगा।
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) ने अटल कैंटीन की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर की थी। इसके बाद निर्धारित समयसीमा में लगातार कैंटीनों को शुरू किया गया और आज 25 नई कैंटीनों के उद्घाटन के साथ 100 का लक्ष्य पूर्ण हो गया। इस अवधि में अटल कैंटीन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 95 लाख सब्सिडी वाले भोजन जनता को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन बिना किसी अवकाश के लाभार्थियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन कैंटीन में मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में इन 100 अटल कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 1 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध किया जा सकेगा। ये कैंटीन साल भर में लगभग 3.65 करोड़ भोजन (थाली) उपलब्ध कराने की क्षमता रखती हैं। दिल्ली सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में दिल्लीवासियों से 100 अटल कैंटीन स्थापित करने का वादा किया था। इस संकल्प को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए सरकार ने मात्र आठ महीनों के भीतर सभी 100 अटल कैंटीन दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित कर दी हैं।