वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी

प्रकाशित: 15-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी
वाशिंगटन, (भाषा)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंधों के कारण भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं।
पावार को जारी एक बयान में रूबियो ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता एवं पारिवारिक संबंधों की गहरी जड़ें ऐसी साझेदारी की नींव हैं, जो नवोन्मेषी, लचीली और दूरदर्शी है।
रूबियो ने कहा, अमेरिका की ओर से मैं भारत के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।
अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की बदौलत अमेरिका-भारत संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा से लेकर महत्वपूर्ण खनिजों, कृत्रिम मेधा, अंतरिक्ष सहयोग और व्यापार तक, अमेरिका-भारत सहयोग दोनों देशों के साथ-साथ व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बना रहा है। रूबियो ने कहा, हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता और पारिवारिक संबंधों की गहरी जड़ें ऐसी साझेदारी की नींव हैं, जो नवोन्मेषी, लचीली और दूरदर्शी है।
गायिका मैरी मिलबेन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीयों को शुभकामनाएं दीं और विविधता में एकता के लिए भारत की सराहना की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दूरदर्शी नेता बताया जो समर्पण, दृढ़ता और अटूट विश्वास से देश के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।।
बोस्टन में शहर की प्रमुख पहचान प्रूडेंशियल टावर को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया। अमेरिका के कई राज्यों ने अमेरिकी समाज और अर्थव्यवस्था में भारतीय प्रवासियों के बढ़ते योगदान को रेखांकित करते हुए 2026 को भारत की स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में भारत दिवस मनाने की घोषणाएं की हैं।
अमेरिका के कई राज्यों के गर्वनर, कई सीनेटर, संसद सदस्यों और नगर निकायों ने भी भारत के स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।