वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली के 100 से ज्यादा इलाकों में कल कई घंटों तक नहीं आएगी बिजली

प्रकाशित: 05-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
दिल्ली के 100 से ज्यादा इलाकों में कल कई घंटों तक नहीं आएगी बिजली
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में कल यानी शुक्रवार 6 मार्च को बिजली आपूर्ति कई घंटों के लिए बाधित रहेगी। इस दौरान प्रभावित इलाकों में सुबह से शाम तक बत्ती गुल रहेगी। इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियां अलग-अलग क्षेत्रों में नेटवर्क अपग्रेडेशन, केबल कनेक्शन, सिस्टम सुधार और मेंटेनेंस कार्य कर रही हैं, जिसके कारण निर्धारित समय पर बिजली कटौती की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यह कटौती पहले से शेड्यूल की गई है और इसका उद्देश्य बिजली व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाना है।
जिन प्रमुख इलाकों में शुक्रवार को कई घंटों तक बिजली की कटौती देखने को मिलेगी, उनमें कृष्णा नगर, यमुना विहार, करावल नगर, लक्ष्मी नगर, जीटी रोड, दरीयागंज, पटेल नगर, कड़कड़डूमा, मयूर विहार, पहाड़गंज और चांदनी चौक जैसे कई इलाके शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग समय पर बिजली की सप्लाई बंद रहेगी।
पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर क्षेत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सिस्टम सुधार कार्य के कारण राधे श्याम पार्क, स्वास्थ विहार, सुख विहार, गोविंद पुरा और गगन विहार जैसे इलाकों में बिजली नहीं आएगी। वहीं सुबह 10 बजे से 1 बजे तक ओल्ड सीलमपुर और रघुवरपुरा नंबर-2 में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अलावा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चंदर नगर ब्लॉक-C, पंडित पार्क और घोंडली इलाके में एसीबी रिप्लेसमेंट कार्य के चलते बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।
यमुना विहार में भी शुक्रवार 6 मार्च को नेटवर्क अपग्रेडेशन और अन्य तकनीकी कार्यों के चलते कई इलाकों में बिजली कटौती की जाएगी। यहां सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मनुजपुर-भजनपुरा क्षेत्र प्रभावित रहेगा, जबकि दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चांद बाग, बी-3 ब्लॉक यमुना विहार और टंकी रोड भजनपुरा में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
करावल नगर क्षेत्र में 11 केवी फीडर के मेंटेनेंस और एचवीडीएस नेटवर्क की मरम्मत कार्य के चलते यहां कि कई कॉलोनियों में बिजली बंद रहेगी। इसमें हर्ष विहार, मंडोली, जोहरीपुर, गोकुलपुरी, शिव विहार और तुकमीरपुर जैसे इलाके शामिल रहेंगे। यहां की ज्यादातर जगहों पर सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे या दोपहर 2 बजे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
लक्ष्मी नगर और आसपास के इलाकों में भी सब-स्टेशन मेंटेनेंस और फीडर मेंटेनेंस के कारण कल बिजली कटौती की जाएगी। विश्वकर्मा पार्क, गुरु रामदास नगर, रमेश पार्क, नारायण नगर और ललिता पार्क सहित कई कॉलोनियों में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक बत्ती गुल रहेगी।
इसके अलावा पुरानी दिल्ली के दरीयागंज में जीबी पंत अस्पताल के आसपास, चांदनी चौक, करोल बाग के संत नगर इलाके, पहाड़गंज, पूर्वी दिल्ली में कड़कड़डूमा के आनंद विहार क्षेत्र, मयूर विहार एक्सटेंशन के कुछ हिस्सों में भी सुबह से दोपहर तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
बिजली कंपनियों ने दिल्ली के आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें। अधिकारियों का कहना है कि मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन का यह काम भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के वास्ते किया जा रहा है।