दिल्ली में कपड़ों के वेयरहाउस में लगी आग, करीब 4 घंटे से आग बुझाने में जुटे फायर ब्रिगेड कर्मी; अब तक काबू नहीं
प्रकाशित: 05-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर इलाके के रंगपुरी क्षेत्र में स्थित कपड़ों के एक वेयरहाउस में आग लगने की घटना सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:20 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। इसके बाद तुरंत 9 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में आग लगी है वह कपड़ों का वेयरहाउस है, जहां से विभिन्न स्थानों पर सामान भेजा जाता है। आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। आग बुझने के बाद ही नुकसान और आग लगने के कारणों का सही आकलन किया जा सकेगा।