वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ब्यौहारी में फिर सड़क हादसा, 12 घंटे में चार जिंदगियां खत्म

प्रकाशित: 19-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शहडोल (वीअ)। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी गंभीर नजर नहीं आ रहा। ब्यौहारी क्षेत्र में महज 12 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत के बाद यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दलों ने भी यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।
बीती मध्य रात्रि करीब 03 बजे ब्यौहारी थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन तिराहे के पास सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे दो यात्रियों को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सीधी जिले के रहने वाले 63 वर्षीय रामराज साहू की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। दोनों यात्री ब्यौहारी तक बस से आए थे और वहां से सीधी जाने वाली दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामराज साहू को मृत घोषित कर दिया। घायल यात्री का उपचार जारी है। इससे पहले शनिवार दोपहर ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बेडरा गांव के पास भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसमें अंकित साहू, पियूष सिंह और गीता साहू की मौत हो गई थी। इस घटना के 12 घंटे भी नहीं बीते थे कि एक और हादसे ने जिले को झकझोर दिया।
लगातार हो रहे हादसों को लेकर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम ने यातायात विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में यातायात व्यवस्था पूरी तरह लचर हो चुकी है और यातायात प्रभारी संजय जायसवाल की लापरवाही के कारण लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना हेलमेट और तेज रफ्तार वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।