वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

इस शहर में इंसान नहीं, बल्कि एक कुत्ता चलाता है ‘हुकूमत’, चुनाव जीतकर बना ‘मेयर’!

प्रकाशित: 01-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
इस शहर में इंसान नहीं, बल्कि एक कुत्ता चलाता है ‘हुकूमत’, चुनाव जीतकर बना ‘मेयर’!
आज के दौर में जहां राजनीति में कुर्सी के लिए खींचतान मची है, वहीं दुनिया के एक कोने में एक ऐसा शहर भी है, जहां की जनता ने किसी इंसान को नहीं, बल्कि एक कुत्ते को अपना नेता चुना है. जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा है, हमने कुत्ता ही लिखा है. यह कोई फिल्मी कहानी नहीं बल्कि हकीकत है.
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक छोटा-सा पहाड़ी कस्बा है इडिलविल्ड (Idyllwild), जहां पिछले 14 सालों से गोल्डन रिट्रीवर ब्रीड का कुत्ता ही शहर का मेयर बनता आ रहा है. इस अनोखी परंपरा की शुरुआत 2012 में हुई थी, जब पहली बार मेयर मैक्स प्रथम (Mayor Max I) ने भारी मतों से चुनाव जीता था. यहां चुनाव के लिए बैलेट पेपर या ईवीएम नहीं, बल्कि चंदे का इस्तेमाल होता है. लोग अपने पसंदीदा कुत्ते को वोट करने के लिए पैसे डोनेट करते हैं. यहां न कोई पार्टी है, न भ्रष्टाचार, बस एक वफादार कुत्ता है जो पूरे शहर को एकजुट बनाए हुए है. मजेदार बात यह है कि यह मेयर केवल नाम का नहीं है. कुत्ता बाकायदा अपनी वर्दी पहनकर शहर का जायजा लेता है, और पर्यटकों का स्वागत करता है. जब पहले मेयर मैक्स की मौत हुई, तो शहर के लोग उसके गम में इतने डूब गए कि उन्होंने अगली मर्तबा किसी इंसान को चुनने के बजाय मैक्स के वंशज यानी मैक्स द्वितीय को उसकी गद्दी सौंप दी. वर्तमान में मेयर मैक्स तृतीय (Maximus Mighty-Dog Mueller III) इस पद को संभाल रहे थे. मेयर साहब स्कूलों में जाते हैं, सार्वजनिक कार्यक्रमों में फीता काटते हैं, और लोगों के बीच एकता का प्रतीक बने हुए हैं. इडिलविल्ड के निवासी कहते हैं कि उनके मेयर कभी झूठ नहीं बोलते, और न ही किसी से नफरत करते हैं. वे बस प्यार लुटाना जानते हैं. तकनीकी रूप से यह मानद उपाधि है. इनके पास कोई कानूनी आदेश पारित करने की शक्ति नहीं है. ये फैसले उनके मालिक लेते हैं. लेकिन इसके बावजूद यहां मेयर डॉग किसी वीआईपी से कम नहीं हैं. उसे देखने के लिए दुनिया भर से पर्यटक इडिलविल्ड खिंचे चले आते हैं. वैसे यह अकेला ऐसा शहर नहीं है, अलास्का के टालकीटना में भी ‘स्टब्स’ नाम का एक बिल्ली का बच्चा 20 साल तक मेयर रहा था.