वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

तीन सांसदों का सज्जन कुमार के आवास पर जाना दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण: पंजाब भाजपा प्रमुख

प्रकाशित: 31-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (भाषा)। भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार के निधन के बाद शोक जताने के लिए भाजपा के तीन सांसदों का कुमार के आवास पर जाना "बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण" है। ढिल्लों ने कहा कि भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी की पंजाब इकाई इसकी "कड़े शब्दों में निंदा" करती है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को दिल्ली के तीन सांसदों- कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया को तलब किया और कांग्रेस नेता के आवास पर उनके जाने पर नाराजगी जताई। सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में दोहरी उम्रकैद की सजा काट रहे थे। 20 अगस्त को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कुमार का निधन हो गया था। पंजाब भाजपा के प्रमुख ने एक बयान में कहा कि कुमार वही व्यक्ति थे, जिन्हें 1984 में निर्दोष सिखों की हत्या से जुड़े गंभीर आरोपों में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। ढिल्लों ने कहा, "ऐसे व्यक्ति के प्रति किसी भी तरह की सहानुभूति जताना उन हजारों पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है, जिन्होंने उस नरसंहार में अपने प्रियजनों को खोया था। यह उनके दुख का अपमान है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत नाराजगी जाहिर की और तीनों सांसदों को कड़ी फटकार लगाई।