वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अमृतसर में 30 किलो हेरोइन बरामद

प्रकाशित: 12-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़/अमृतसर (वीअ)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह व्यक्तियों, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं, को 30.045 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर सीमा पार संचालित नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर की फतेह सिंह कॉलोनी निवासी गौतम (24), अमृतसर के छेहरटा निवासी कबीर उर्फ काकू (22), अमृतसर निवासी समीर उर्फ सभरवाल (18) तथा अमृतसर की ऑर्किड वैली निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा (18) के रूप में हुई है। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी कबीर उर्फ काकू का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है। नशों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों का मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वे नशा तस्करी के लिए कर रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दुबई स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की तस्करी में उनकी सहायता कर रहा था।