चरित्र में नशामुक्ति का समावेश ही सच्ची जागरूकता : न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह
प्रकाशित: 01-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
प्रयागराज ब्यूरो। विश्व तम्बाकू रहित दिवस" के अवसर पर क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान , प्रयागराज क्षेत्र, प्रयागराज द्वारा सिविल डिफेन्स एवं लायन्स क्लब के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय उद्यान शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद पार्क, प्रयागराज में एक भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्पाम का उद्देश्य जनसामान्य को तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना था। कार्पाम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह, न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में नीरज मिश्रा, उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स, प्रयागराज, राजीव तिवारी, सहायक उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स, प्रयागराज तथा लायन्स क्लब के लायन अर्पणधर दुबे, मंडलाध्यक्ष , लायन उदय चंदानी,उपमंडलाध्यक्ष प्रथम लायन उमेश चंद्र कक्कड़, उपमंडलाध्यक्ष द्वितीय लायन शीतला प्रसाद श्रीवास्तव,प्रोटोकॉल अधिकारी, सदस्य नशा मुक्त भारत अभियान पवन पाण्डेय यातायात निरीक्षक उपस्थित रहे। कार्पाम का संयोजन चारूल मिश्रा, क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, प्रयागराज क्षेत्र द्वारा किया गया। न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह द्वारा हरी झण्डी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति श्री सत्यवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि तम्बाकू एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल एक सरकारी अभियान या औपचारिक संकल्प तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के चरित्र एवं जीवनशैली में उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक नशामुक्ति के मूल्य हमारे आचरण और व्यवहार का हिस्सा नहीं बनेंगे, तब तक एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की स्थापना संभव नहीं है।