वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराने का दावा किया

प्रकाशित: 28-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
दीर अल-बलाह, (एपी)। इजराइल ने बुधवार को दावा किया कि उसने गाजा सिटी में हवाई हमला कर हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराया है।
दो सप्ताह से भी कम समय पहले इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के पूर्व प्रमुख इज अल-दीन अल-हद्दाद को मार गिराया था। इज अल-दीन अल-हद्दाद 16 मई को मारा गया था।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज और इजराइली सेना ने कहा कि मंगलवार हमले में मोहम्मद ओदेह मारा गया। मोहम्मद ओदेह नाम के एक व्यक्ति के परिजनों ने कहा कि वह हमले में मारा गया। हालांकि उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि वह हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख था। हमास ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
काट्ज ने ओदेह को सात अक्टूबर 2023 के हमले का wएक प्रमुख सूत्रधारै बताया। इजराइल पर सात अक्टूबर, 2023 के हमले के बाद गाजा में युद्ध आरंभ हुआ है जो दो साल से अधिक समय से चला। काट्ज ने कहा कि उस नरसंहार (सात अक्टूबर, 2023 के हमले) के बाद से अब तक यह चौथी बार है, जब इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख को मार गिराया है। मंगलवार का यह हमला ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर हुआ, जिससे गाजा में त्योहार का माहौल और भी फीका पड़ गया। अधिकतर लोग पहले ही विस्थापित हो चुके हैं और तंबुओं या अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं।
पिछले साल अक्टूबर में इजराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम के बाद भी स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। युद्धविराम लागू होने के बाद से इजराइली हमलों में 880 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। काट्ज ने बुधवार को एक्स पर लिखा, हमने सात अक्टूबर के हमले के प्रमुख सूत्रधार को खत्म करने का संकल्प लिया था और हम वही करेंगे। वे सभी मारे जाएंगे, चाहे कहीं भी हों। उन्होंने कहा, हमने यह भी संकल्प लिया है कि हमास को न तो नागरिक शासन और न ही सैन्य शासन चलाने दिया जाएगा। इस बीच, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सात अक्टूबर 2023 के हमले में शामिल सभी लोगों को निशाना बनाने की चेतावनी दी।