वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

कीव में रिहायशी इमारत पर हुए हमले में मरने वालों की संख्या 24 हुई

प्रकाशित: 16-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
कीव में रिहायशी इमारत पर हुए हमले में मरने वालों की संख्या 24 हुई
कीव, (एपी)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि एक दिन पहले कीव की एक रिहायशी इमारत पर रूस के मिसाइल हमले में 24 लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इनमें तीन किशोर भी शामिल हैं। जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहत और बचाव दल ने एक दिन से अधिक समय में अभियान पूरा किया। यूक्रेनी वायुसेना के मुताबिक, क्रूज मिसाइल ने नौ मंजिला इमारत के कोने वाले हिस्से को सीधे निशाना बनाया। इसने कहा कि व्यापक स्तर पर आक्रमण शुरू होने के बाद से यह रूस का अब तक का सबसे बड़ा हमला है। जेलेंस्की ने कहा कि इस हमले का मुख्य निशाना यूक्रेन की राजधानी रही जहां दो बच्चों समेत 48 लोग घायल भी हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की तथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नौ से 11 मई तक युद्धविराम का आह्वान किया था लेकिन इन 72 घंटों के दौरान भी संघर्ष जारी रहा। युद्धविराम की अवधि समाप्त होते ही रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। यह घटनाक्रम ट्रंप और पुतिन के उन हालिया संकेतों के बिल्कुल उलट है, जिनमें कहा जा रहा था कि यह युद्ध जल्द समाप्त होने वाला है। युद्ध का यह पांचवा साल है। जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुधवार से अब तक रूस।,560 से अधिक ड्रोन हमले यूक्रेन के आबादी वाले इलाकों पर कर चुका है। देशभर में 50 से अधिक आवासीय इमारतों सहित करीब 180 ढांचों को नुकसान पहुंचा है। इससे पहले रूस का सबसे बड़ा ड्रोन हमला 23 से 24 मार्च की रात को हुआ था, जब लगभग एक हजार ड्रोन और मिसाइलें दागी गई थीं। यूक्रेन ने लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता विकसित कर ली है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि रातभर में यूक्रेन के 355 ड्रोन मार गिराए गए जो युद्ध के दौरान यूक्रेन के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक था। हमलों के कारण कई हवाई अड्डों पर रातभर उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। रूस में, रयाजन के गर्वनर पावेल मालकोव ने बताया कि मॉस्को से करीब 100 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित रयाजन पर यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हमले के बाद वहां के एक तेल शोधन कारखाने में भीषण आग लग गई। यूक्रेनी अधिकारियों ने रयाजन हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। इस बीच, रूस और यूक्रेन ने शुक्रवार को 205-205 युद्धबंदियों की अदला-बदली की। जेलेंस्की ने कहा कि यह एक हजार के बदले एक हजार युद्धबंदियों की नियोजित अदला-बदली का पहला चरण है। रिहा किए गए कुछ यूक्रेनी सैनिक 2022 से रूसी कैद में थे। रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी इस अदला-बदली की पुष्टि की और इसमें मध्यस्थता के लिए संयुक्त अरब अमीरात का आभार जताया।