वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ने दिया इस्तीफा

प्रकाशित: 12-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लंदन, (एपी) ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने बृहस्पतिवार को पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि बढ़ते खतरे के समय सरकार सेना पर समुचित खर्च करने की इच्छुक नहीं है। हीली ने प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से कहा कि सरकार का रक्षा निवेश इस खतरनाक समय में आवश्यकता से कहीं कम है। रक्षा मंत्रालय और आर्थिक एवं वित्त मंत्रालय के बीच असहमति की खबरों के कारण रक्षा निवेश योजना के प्रकाशन में देरी हुई है। हीली ने त्याग पत्र में लिखा, बढ़ते खतरों के इस दौर में देश की सुरक्षा के लिए जिन संसाधनों की जरूरत है, उन्हें उपलब्ध कराने में आप असमर्थ रहे हैं और आर्थिक एवं वित्त मंत्रालय भी इसके लिए इच्छुक नहीं रहा है। उन्होंने कहा, आपके रक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के अलावा मेरे पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है। जुलाई 2024 में लेबर पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही हीली ब्रिटेन के रक्षा मंत्री रहे हैं तथा उन्हें एक काबिल और गंभीर मंत्री माना जाता है।
स्टार्मर ने 2027 तक ब्रिटेन के रक्षा खर्च को बढ़ा कर सकल घरेलू उत्पाद ाजीडीपा का 2.5 प्रतिशत और 2034 तक 3 प्रतिशत करने का संकल्प लिया है। लेकिन सेना के कई अधिकारियों का कहना है कि यह समुचित नहीं है। हीली का इस्तीफा, मुश्किलों में घिरे प्रधानमंत्री स्टार्मर के लिए एक और झटका है, जो पहले से ही पद छोड़ने की लेबर पार्टी के सहयोगियों की मांग का सामना कर रहे हैं।