श्रीलंका नौसेना ने भारतीय पोत आईएनएस ऐरावत का स्वागत किया
प्रकाशित: 05-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
कोलंबो, (भाषा)। श्रीलंका नौसेना ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारतीय नौसेना के जहाज ऐरावत का कोलंबो बंदरगाह पर पारंपरिक स्वागत किया गया। कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने बताया कि आईएनएस ऐरावत भारत सरकार के अनुदान से भारतीय तटरक्षक बल की ओर से श्रीलंका तटरक्षक बल के जहाज सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कलपुर्जे लेकर आया है। उच्चायोग ने बताया, भारतीय नौसेना के जहाजों का श्रीलंका दौरा दोनों मित्र नौसेनाओं के बीच मजबूत संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है, जो भारत की पड़ोसी पहले नीति और प्रधानमंत्री के महासागर विजन के अनुरूप है। भारतीय नौसेना की प्रमुख पहल महासागर का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र और अफ्रीकी देशों की समुद्री सेनाओं के बीच उच्च स्तरीय आभासी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है। ऐरावत सोमवार को कोलंबो बंदरगाह पर पहुंचा था। जहाज के कमांडिंग ऑफिसर, कमांडर आईपी पाटिल ने पश्चिमी नौसेना क्षेत्र के श्रीलंका नौसेना कमांडर से मुलाकात की और द्वीप राष्ट्र की नौसेना के साथ पेशेवर व खेल संबंधी बातचीत में भाग लिया।