वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बवाना विधानसभा में 10 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ

प्रकाशित: 15-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने आज गांव पूठखुर्द में दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड से लगभग ?10 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के अंतर्गत गांव में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सीसी पेवमेंट निर्माण, आरसीसी नालियों के निर्माण तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने से संबंधित अनेक कार्य किए जाएंगे।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से गांव पूठखुर्द और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा, जलभराव की समस्या में कमी आएगी तथा स्थानीय निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत होने से लोगों के दैनिक जीवन, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक सुविधाओं तक पहुंच में भी सुधार होगा। दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड के माध्यम से दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक और बेहतर बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
पूठखुर्द में शुरू की गई ये विकास परियोजनाएं केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह गांव के समग्र विकास, बेहतर जीवन स्तर और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। मजबूत सड़कें, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि कल ही बवाना विधानसभा क्षेत्र के दीप विहार में लगभग ?20 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था और आज पूठखुर्द में ?10 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है।
यह दर्शाता है कि बवाना विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर हमारी सरकार पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आने वाले समय में बवाना विधानसभा में विकास के ये कार्य जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे और क्षेत्र के लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ एवं संतुष्टि प्राप्त होगी।
मंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के माध्यम से बवाना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, यातायात सुविधा तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी ताकि दिल्ली देहात को विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती के साथ जोड़ा जा सके।