वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

एमपी अकादमी के ट्रायल के पहले ही दिन उमड़ा 445 खिलाड़ियों का सैलाब

प्रकाशित: 15-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
गोपालदास बन्सल
शहडोल । जिले के 'मिनी ब्राजील' के नाम से विख्यात ग्राम विचारपुर स्थित स्वर्गीय जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल मैदान में शनिवार से मध्य प्रदेश फुटबॉल अकादमी के तीन दिवसीय मेगा चयन ट्रायल का ऐतिहासिक आगाज हुआ। 13 जून से 15 जून 2026 तक चलने वाले इस गरिमामयी ट्रायल के पहले ही दिन वर्ल्ड कप फुटबॉल फीफा जैसा जुनून देखने को मिला, जहां 08 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 445 बालक-बालिकाओं ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया।
ट्रायल की शुरुआत से पूर्व खेल परंपरा के अनुसार उपस्थित सभी सम्मानीय अतिथियों का बैच लगा कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन (श्झ्इA) की ओर से पधारे अनुभवी चयनकर्ताओं व प्रशिक्षकों का जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं बुके भेंट कर आदरपूर्वक सम्मान किया गया। ट्रायल लेने पहुंचे मप्र फुटबॉल संघ के अधिकृत मुख्य कोच और चयनकर्ता, मोहन बागान, ईस्ट बंगाल जैसे इंडिया के बड़े क्लबो मैं कोच रह चुके हैं, स्वप्न कुमार विश्वास ने विचारपुर के नन्हे खिलाड़ियों के कौशल को देख कर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा:कि मैने विचारपुर और शहडोल के फुटबॉल प्रेम के बारे में जैसा सुना था, आज प्रत्यक्ष रूप से उससे कहीं अधिक पाया है। वर्तमान में मैंने पूरे मध्य प्रदेश का भ्रमण करके देखा है, लेकिन शहडोल जैसी अद्भुत खेल प्रतिभा और ऊर्जा मुझे प्रदेश में कहीं और नजर नहीं आई। यहाँ का फुटबॉल संघ और स्थानीय कोचेस जमीनी स्तर पर बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब इसी मैदान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सितारे निकलेंगे। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए जिला फुटबॉल संघ शहडोल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि बीच के दौर में जिले में फुटबॉल का जो ग्राफ थोड़ा कम हो रहा था, आज इन छोटे बच्चों के पैरों का जादू देखकर वह चिंता दूर हो गई है। अब शहडोल से मिनी, जूनियर और सीनियर वर्ग की सर्वश्रेष्ठ टीमें तैयार करने में कोई कठिनाई नहीं होगी।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए जिला फुटबॉल संघ की ओर से ?1,00,000/- (एक लाख रुपये) की राशि देने की सहर्ष घोषणा की और कहा कि खिलाड़ियों के विकास के लिए संघ सदैव तत्पर रहेगा। गौरतलब है कि यह महत्वपूर्ण चयन ट्रायल मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा नियुक्त दो बेहद अनुभवी प्रशिक्षकों आशीष पिल्ले एवं स्वप्न कुमार विश्वास की देखरेख में संपन्न कराया जा रहा है। इस तीन दिवसीय ट्रायल में चयनित होने वाले होनहार बालक-बालिकाओं को मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बिल्कुल निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, साथ ही उन्हें आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
इस ऐतिहासिक उद्घाटन सत्र के अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा, उपाध्यक्ष एके.मोहंती, सचिव रईस अहमद, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह, रिलायंस फाउंडेशन शहडोल से डॉ.समीम खान,मोहम्मद जकरिया विचारपुर के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी ाsढतराम सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच नीलेंद्र कुंडे, लक्ष्मी सहीस, नरेश कुंडे, रजनी सिंह, सीताराम सहिस, यशोदा सिंह, शंकर दहिया, संग्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।