तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: रजनीकांत से कमल हासन तक, साउथ सुपरस्टार्स ने डाला वोट
प्रकाशित: 23-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
हैदराबाद: देश के दक्षिण राज्य तमिलनाडु में आज 23 अप्रैल को विधानसभा की 234 सीटों के लिए के लिए मतदान हो रहा है. सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है. चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए सीटों की जीत का आंकड़ा 118 है. राज्य के 5.67 करोड़ मतदाता आज राज्य का नया मुख्यमंत्री तय करेंगे. राज्य में कड़ा मुकाबला डीमके और एआईडीएमके के बीच है. वहीं, पहली बार राजनीति में उतरे साउथ सुपरस्टार थलापति विजय भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. विजय तमिलागा वेट्ट्री कझगम पार्टी के जरिए पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं. इधर, विजय समेत साउथ सुपरस्टार रजनीकांत, कमल हासन और अजीत कुमार समेत कई स्टार्स ने अपना वोट डाला है. चेन्नई में अपने घर पोएस गार्डन से निकलने के बाद रजनीकांत पोलिंग बूथ पहुंचे और अपना कीमती वोट डाला. रजनीकांत कैजुअल लुक में थे और इसके बाद वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. रजनीकांत ने चेन्नई स्थित स्टेला मैरिस स्कूल में बने मतदान बूथ पर अपना वोट डाला. एक वीडियो में रजनीकांत को वोटिंग फिंगर इंक शो करते हुए देखा जा रहा है. बता दें, हाल ही में रजनीकांत ने अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म जेलर 2 की शूटिंग खत्म की है. हाल ही में शूटिंग सेट से फिल्म शूटिंग खत्म करने की तस्वीरे भी मेकर्स ने शेयर की थी. टीवीके चीफ और एक्टर विजय कड़ी सुरक्षा के बीच पोलिंग बूथ पहुंचे और अपना वोट डाला. वहीं, साउथ सुपरस्टार और रेसर अजीत कुमार तड़के तिरुवनमियुर पोलिंग स्टेशन पहुंचकर अपना वोट डाला. पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभाले रखा. एमएनएम चीफ और अभिनेता कमल हासन अपनी स्टार बेटी श्रुति हासन के साथ वोट डालने के लिए अलवपेट स्कूल पहुंचे. वोट डालने के बाद बाप-बेटी ने कैमरे के सामने इंक फिंगर शो की. रजनीकांत से कमल हासन तक वोट डालने पहुंचे सभी स्टार्स ने लोगों से अपना मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील भी की. इनके अलावा एक्टर और सिंगर ध्रुव विक्रम ने वोट डाला. एक्टर धनुष, इंडियन सिंगर, कंपोजर अनिरुद्ध रविचंद्रन ने अलवरपेट में अपना वोट डाला है. एक्टर विक्रम प्रभु भी अपना वोट डालने पोलिंग बूथ पहुंचे.