वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अवैध रेत परिवहन व भंडारण पर कलेक्टर का चला चाबुक

प्रकाशित: 13-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शहडोल (वीअ)। जिले के नवागत कलेक्टर ने पदभार संभालने के बाद अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ कार्यवाही तेज होती दिखाई दे रही है। जिला खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम लगातार अवैध रेत के भंडारण और परिवहन पर नजर रखे हुए है।
रात्रि को ब्यौहारी तहसील क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए रेत से भरे तीन वाहनों को जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर मध्यरात्रि में खनिज विभाग की टीम ने तहसील ब्यौहारी के ग्राम मैरटोला में पेट्रोल पंप के पास जांच की। इस दौरान हाईवा ाढमांक एम पी 17/ जेड एफ /1742 में करीब 28 घनमीटर खनिज रेत का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन चालक के पास रेत परिवहन के लिए आवश्यक अभिवहन पारपत्र नहीं मिला। इसके बाद टीम ने वाहन को जब्त कर लिया। विभाग के अनुसार, हाईवा के स्वामी मृगेंद्र सिंह उर्फ चिक्कू, निवासी कंधवार, जिला सीधी बताए गए हैं। कार्यवाही के दौरान दो अन्य ट्रैक्टर भी खनिज रेत का परिवहन करते पाए गए। इनमें एक ट्रैक्टर है, जबकि दूसरा मैसी फर्ग्यूसन कंपनी का लाल रंग का ट्रैक्टर है, जिस पर नंबर दर्ज नहीं था। खनिज विभाग ने तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना ब्यौहारी परिसर में खड़ा कराया है। विभाग की ओर से बताया गया है कि सभी वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रकरणों को कलेक्टर न्यायालय, शहडोल में प्रस्तुत किया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में लगातार हो रही कार्यवाही से अवैध रेत के परिवहन और भंडारण से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। खनिज विभाग ने आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।