वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

हवाईअड्डे पर यात्री के हैंडबैग में बंदर का कंकाल

प्रकाशित: 13-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। दिल्ली से हैदराबाद जा रहे एक यात्री के हैंडबैग में छिपाकर रखा गया कथित बंदर का कंकाल इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीआईएसएफ के जवानों ने बरामद किया। उन्होंने बताया कि यह घटना 10 अगस्त को हुई, जब यात्री हवाईअड्डे पर उड़ान में सवार होने से पहले सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजर रहा था। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने यात्री के हैंड बैगेज में छिपाकर रखी गई एक संदिग्ध वस्तु बरामद की। पूछताछ करने पर यात्री ने दावा किया कि यह बंदर का कंकाल है।
एक वरिष्" पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरामद वस्तु की प्रकृति और वन्यजीव से उसके कथित संबंध को देखते हुए कार्वाई के लिए यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यात्री के पास से बरामद वस्तु की पहचान तथा उसकी प्रकृति निर्धारित करने के लिए वन्यजीव विभाग की राय आवश्यक है।
अधिकारी ने बताया कि वन्यजीव विभाग का आकलन यह भी तय करेगा कि इसे रखना या उसका परिवहन करना वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम या किसी अन्य लागू कानून के प्रावधानों का उल्लंघन है या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि कोई उल्लंघन पाया जाता है तो कानूनी कार्वाई शुरू की जाएगी।