वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

डिकवेला की श्रीलंका टेस्ट टीम में वापसी, स्पिनर नुवांथा को पहली बार मिला मौका

प्रकाशित: 13-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
गॉल, (भाषा)। भारत के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका की 16 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला की तीन साल बाद श्रीलंका की टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि ऑफ स्पिनर केशारा नुवांथा को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है।
धनंजय डी सिल्वा टीम की कप्तानी करेंगे जबकि अनुभवी हरफनमौला कामिंदु मेंडिस उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। डिकवेला ने अपना पिछला टेस्ट 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। नियमित विकेटकीपर कुसल मेंडिस के चोटिल होने के कारण अब उनके पास टेस्ट टीम में वापसी का मौका है। नुवांथा के अलावा नये बल्लेबाज पसिंदु सूरियाबंदारा और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को भी टीम में जगह मिली है। श्रीलंका की टीम में इस बार चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाज शामिल किए गए हैं। मदुशंका की वापसी से तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूती मिली है। उनके साथ असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा और विश्वा फर्नांडो तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि हरफनमौला मिलान रत्नायके भी तेज गेंदबाजी में विकल्प होंगे।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर केशारा नुवांथा के टेस्ट पदार्पण की संभावना है। स्पिन विभाग में उनका साथ बाएं हाथ के स्पिनर अनुभवी प्रभात जयसूर्या और रमेश मेंडिस देंगे। भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका की टीम : धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदाना, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), दिनेश चांदीमल, पसिंदू सूरियाबंदारा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवांथा, मिलान रत्नायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो और दिलशान मदुशंका।