वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली पुलिस ने शातिर बदमाश को पकड़ा, देसी कट्टा और कारतूस बरामद

प्रकाशित: 22-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। नई दिल्ली पूर्वी जिले के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी पांडव नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और पहले से 8 आपराधिक मामलों में शामिल है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी राजीव कुमार ने बताया है 19.08.2026 को दोपहर करीब 3 बजे थाना प्रभारी और एसीपी मधु विहार के दिशा-निर्देश में मुख्य सिपाही विकास, मुख्य सिपाही अनुज और सिपाही जतिन की टीम अफकॉन्स रोड, गाजीपुर, मुर्गा मंडी गोल चक्कर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। पुलिस को देखकर वह घबरा कर भागने लगा जिसे थोड़ी दूर पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक उर्फ हकला, उम्र 30 वर्ष, निवासी झुग्गी महात्मा गांधी कैंप, शशि गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई।
वह पांडव नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में उसने बताया कि वह इलाके में चोरी/झपटमारी की वारदात करने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहा था।
इस संबंध में थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला संख्या 326/2026 दर्ज किया गया।
दीपक उर्फ हकला, 30 वर्ष, पेशे से ऑटो चालक, 10वीं पास। नशे का आदी है आरोपी 8 मामलों में शामिल है। इनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले शामिल हैं। थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया, हजरत निजामुद्दीन, पांडव नगर और शकरपुर में उसके खिलाफ केस दर्ज हैं। पुलिस अब हथियार के स्रोत और इसके अन्य साथियों के बारे में जांच कर रही है।