वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सौ राहुल भी सरकार को नहीं हिला सकते: गौरव भाटिया

प्रकाशित: 26-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 1 साल के भीतर मोदी सरकार के गिर जाने के दावे पर कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी पर जबरदस्त हमला बोला है भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने ध राहुल गांधी को भस्मासुर बताते हुए कहा कि देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वालों को जनता कभी सफल नहीं होने देगी।
भाटिया ने कहा कि हाल ही में एक और ‘टूलकिट' सामने आई है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, हमें नहीं पता था कि भस्मासुर राहुल गांधी ज्योतिषी भी बन जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य देश में अराजकता फैलाना है, जबकि भाजपा और केंद्र सरकार भारत को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी 56 वर्ष की उम्र में भी राजनीतिक परिपक्वता, स्थिरता और संयम नहीं सीख पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल नहीं कर पाने की निराशा में लोकतांत्रिक संस्थाओं और व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। भाटिया ने कहा, मोदी सरकार अंगद के पांव की तरह मजबूत है। अगर 100 राहुल गांधी भी आ जाएं, तब भी सरकार को हिला नहीं सकते। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार गिरने की बात करने वाले राहुल गांधी खुद जनता की नजरों में गिर चुके हैं और आगे भी उनका राजनीतिक पतन जारी रहेगा। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का पा करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दुनिया के कई देशों की अर्थव्यवस्थाएं दबाव में हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि 140 करोड़ भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े हैं और देश हर चुनौती से और अधिक सशक्त होकर बाहर निकलेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाटिया ने भविष्यवाणी की कि अगले एक साल में कांग्रेस दो हिस्सों में बंट जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर ही गांधी परिवार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है और कांग्रेस नेताओं में राहुल गांधी के भारत-विरोधी बयानों को लेकर नाराजगी है। भाटिया ने आरोप लगाया कि वैश्विक संकट और युद्ध जैसी परिस्थितियों में कांग्रेस ने जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय अफवाह फैलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक वेरिफाइड सोशल मीडिया हैंडल से गैस की कमी और लंबी कतारों को लेकर भ्रामक संदेश फैलाए गए। ईंधन की कीमतों पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि पिछले 80 दिनों में मलेशिया में पेट्रोल कीमतों में 58 फीसदी, अमेरिका में 46 फीसदी, कनाडा में 34 फीसदी, चीन में 22 फीसदी और ब्रिटेन में 20 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि भारत में यह बढ़ोतरी लगभग 4 फीसदी रही। भाटिया ने कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हॉर्मुज क्षेत्र से भारत आने वाले जहाजों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गलत दावे किए और बाद में सोशल मीडिया पोस्ट हटानी पड़ी। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के समय सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को देशहित में एकजुट होकर काम करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस लगातार नकारात्मक राजनीति कर रही है।