वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पंजाब की धमाकेदार जीत के बाद प्वॉइंट टेबल में उथल-पुथल, मुंबई सबसे नीचे, ऐसा है समीकरण

प्रकाशित: 20-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
 पंजाब की धमाकेदार जीत के बाद प्वॉइंट टेबल में उथल-पुथल, मुंबई सबसे नीचे, ऐसा है समीकरण
प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली की धमाकेदार पारियों के दम पर पंजाब किंग्स ने पहले आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर लखनऊ सुपर जायंट्स को 200 पर रोककर 56 रनों से मुकाबला अपने नाम किया. पंजाब का इस सीजन में विजयी रथ जारी है. इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद उसके 11 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में टॉप पर उसका कब्जा बरकरार है. पंजाब का रन रेट भी +1.420 का है. कहा जाए कि पंजाब प्लेऑफ की रेस का दो-तिहाई रास्ता कवर कर चुकी है तो यह गलत नहीं होगा. वहीं रविवार को हुए डबल-हेडर के बाद मुंबई इंडियंस को नुकसान उठाना पड़ा है और वो अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गई है.
कोलकाता की जीत से मुंबई को नुकसान
रविवार को दिन का पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था. इसमें कोलकाता ने राजस्थान को 4 विकेट से हरा दिया. यह कोलकाता की सीजन की पहली जीत है. कोलकाता का एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था. ऐसे में अब उसके 3 अंक हो गए हैं और वो अंक तालिका में 9वें स्थान पर आ गई है. जबकि मुंबई इंडियंस, जिसे अभी तक सिर्फ एक मैच में जीत मिली है, वो आखिरी स्थान पर आ गई है.
टॉप-4 की रेस में पंजाब सबसे आगे
आईपीएल प्लेऑफ के लिए टॉप-4 में रहने वाली टीमें क्वालीफाई करेंगे और पंजाब इस रेस में सबसे आगे है. पंजाब के 6 मैचों में 5 जीत के बाद 11 अंक हैं. पंजाब का एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था. इसके बाद लिस्ट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जिसके 6 मैचों में 4 जीत और दो हार के बाद 8 अंक हैं. राजस्थान के भी 6 मैचों में 4 जीत के बाद 8 अंक हैं. लेकिन राजस्थान का नेट रन रेट बेंगलुरु के मुकाबले खराब है.
वहीं हैदराबाद चौथे स्थान पर हैं. हैदराबाद के 6 मैचों में 3 जीत के बाद 6 अंक हैं और उसका रन रेट +0.566 का है. दिल्ली के 5 मैचों में 3 जीत के बाद 6 अंक हैं और गुजरात का भी यही हाल है, लेकिन गुजरात का एनआरआर दिल्ली से खराब है. अंक तालिका में सातवें स्थान पर अब चेन्नई सुपर किंग्स है. जबकि लखनऊ आठवें स्थान पर है.
पंजाब का विजयी रथ जारी
पंजाब किंग्स ने अपने होम ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हराया. पंजाब से मिले 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी. यह पंजाब किंग्स की इस सीजन की पांचवीं जीत है.
255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत शानदार रही. आयुष बदोनी और मिचेल मार्श ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.6 ओवर में 61 रन जोड़े. मार्श 28 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, बदोनी ने 21 गेंदों में 35 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौकै और एक छक्का लगाया. कप्तान ऋषभ पंत अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 23 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की दमदार पारी खेली. पंत ने अपनी इस पारी में एक चौका और 4 छक्के लगाए.
निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह 9 रन बनाकर आउट हुए. एडेन मार्करम और मुकेश चौधरी ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई. दोनों ने मिलकर 33 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए, तो मुकुल 17 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे.
इससे पहले पंजाब किंग्स ने टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और प्रभसिमरन सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. हालांकि, इसके बाद प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की साझेदारी निभाई. कोनोली ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 87 रन बनाए. वहीं, प्रियांश ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली. प्रियांश ने अपनी पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए.