वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

गाजियाबाद के लोनी पुल‍िस थाने में लगी भीषण आग, दो दर्जन से अधिक वाहन जलकर राख

प्रकाशित: 19-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
गाजियाबाद के लोनी पुल‍िस थाने में लगी भीषण आग, दो दर्जन से अधिक वाहन जलकर राख
नई दिल्ली/गाजियाबाद: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में शनिवार देर रात उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब कोतवाली परिसर के पास जब्त किए गए वाहनों में अचानक आग लग गई. घटना की सूचना तकरीबन 21:52 पर फायर स्टेशन लोनी को प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही तुरंत दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. मिली जानकारी के मुताबिक, आग लोनी कोतवाली के उस स्थान पर लगी थी, जहां मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किए गए वहां खड़े थे.
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि आग बाउंड्री वॉल के अंदर खड़े वाहनों के साथ-साथ सड़क किनारे खड़े वाहनों में भी फैल चुकी थी. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने हौज पाइप बिछाकर मोटर फायर इंजन से पानी की बौछार शुरू की. आग को विकराल रूप धारण करता हुआ देख ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त फायर टेंडर घटनास्थल पर बुलाए गए. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी एक फायर टेंडर मंगवाया गया.
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल के मुताबिक, ट्रोनिका सिटी फायर स्टेशन को सूचना मिलते ही तुरंत तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. इससे पहले पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर पर ही आग बुझाने की कोशिश की, मगर इतन भंयकर थी कि आग बुझाने में सफल नहीं हो सके. बाद में दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि लोनी थाना का हाल ही में रिनोवेशन किया गया था और इसे आदर्श थाने के रूप में विकसित किया गया था. ऐसे में थाने के भीतर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गनीमत रही कि आग केवल जब्त वाहनों तक सीमित रही. अगर यह आग थाने के मुख्य भवन या आसपास के रिहायशी/कमर्शियल इलाके तक पहुंचती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था.