वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 38वें दीक्षांत समारोह से पूर्व ‘दीक्षोत्सव' का शंखनाद

प्रकाशित: 03-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मेरठ,(अशोक कुमार )। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के प्रस्तावित 38वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 2 जून से 10 जून तक आठ दिवसीय “दीक्षोत्सव'' का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान छात्र-छात्राओं की रचनात्मक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्पामों का आयोजन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव भी है। दीक्षोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के सभी विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों से अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता ने बताया कि दीक्षोत्सव के अंतर्गत साहित्य, संस्कृति, कला, संगीत एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनमें रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना को सशक्त बनाना है। सभी विजेताओं को विशेष सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर के सभी विभागाध्यक्षों, समन्वयकों, निदेशकों तथा संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को प्रतियोगिताओं में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।