बैंको द्वारा सीएसआर फंड का ब्यौरा उपलब्ध न कराने पर डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी
प्रकाशित: 03-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मेरठ,(अशोक कुमार) । विकास भवन सभागार में आज जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में डीसीसी/डीएलआरसी/डीएलएससी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की प्राथमिकता वाले ऋण प्रकरणों एवं विभिन्न योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्राथमिकता वाले ऋण से संबंधित लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनपद के सरकारी बैंकों द्वारा पिछले तीन वर्षों का वित्तीय वर्षवार सीएसआर फंड विवरण उपलब्ध न कराए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी बैंक अगले तीन दिनों में पिछले तीन वित्तीय वर्षों में खर्च किए गए सीएसआर फंड का विवरण तथा चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना उपलब्ध कराएं। आदेश का अनुपालन न होने पर संबंधित बैंकों के विरुद्ध उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी।