वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सीमांत नीति घाटी में साहस, समन्वय और विकास की नई उड़ान

प्रकाशित: 03-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
देहरादून,(वीअ) उत्तराखंड के चमोली जनपद की दुर्गम, सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नीति घाटी में आयोजित एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का सफल आयोजन राज्य के साहसिक पर्यटन इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में 31 मई से 02 जून तक आयोजित इस भव्य आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और साहस का परिचय दिया, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन विकास, स्थानीय सहभागिता और नागरिक-सैन्य समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत किया। हिमालय की ऊँची चोटियों, बर्फीली हवाओं और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच आयोजित यह अल्ट्रा रन अपने आप में अद्वितीय रहा। नीति घाटी, जो लंबे समय तक केवल सामरिक दृष्टि से पहचानी जाती रही, अब साहसिक पर्यटन और उच्च हिमालयी खेल गतिविधियों के एक उभरते केंद्र के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। इस आयोजन ने यह साबित किया कि सीमांत क्षेत्रों में भी विश्वस्तरीय एडवेंचर इवेंट सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकते हैं।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग और भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन, 42 किलोमीटर मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर तथा एमटीबी चैलेंज प्रतिस्पर्धा जैसी विभिन्न श्रेणियों में आयोजित किया गया। प्रतिभागियों को समुद्र तल से हजारों फीट ऊँचाई पर कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई, पथरीले मार्ग और लगातार बदलते मौसम जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इन कठिन चुनौतियों के बावजूद प्रतिभागियों ने अदम्य साहस, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय रहा। सीमित संसाधनों और कठिन पहुंच वाले नीति घाटी क्षेत्र में भारतीय सेना ने आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।