नशे में धुत युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
प्रकाशित: 24-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बांदा,(वीअ)। जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साडा सानी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ स्कूल के पास एक युवक ने नशे की हालत में खुद को तमंचे से गोली मार ली। गोली युवक की जांघ में लगी है, जिससे वह लूल-लहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। जानकारी के मुताबिक, युवक एक इको कार में सवार होकर साडा सानी गांव पहुंचा था। वह अत्यधिक नशे में धुत था। गांव के स्कूल के पास पहुंचते ही उसने अचानक पास में मौजूद अवैध तमंचे से खुद पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे उसकी जांघ पार कर गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घायल युवक पड़ोसी जिले फतेहपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।