वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

रूस पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला, कम से कम चार लोगों की मौत

प्रकाशित: 17-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
कीव, (एपी)। रूस पर यूक्रेन के ड्रोन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। रूस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्थानीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्येव के अनुसार, मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित खिमकी शहर में एक ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि राजधानी (मॉस्को) से 10 किलोमीटर उत्तर में स्थित पोगोरेलकी गांव में दो पुरुष मारे गये। वोरोब्येव ने सोशल मीडिया पर बताया कि यूक्रेनी ड्रोनों ने कुछ बुनियादी ढांचों और कई ऊंची इमारतों को भी नुकसान पहुंचाया है।
मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि शनिवार रात मॉस्को में हुए हमले में कम से कम 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से अधिकतर शहर की तेल रिफाइनरी के प्रवेश द्वार के पास घायल हुए। सोब्यानिन ने बताया कि रिफाइनरी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
रूस के रक्षा बलों ने देर रात मॉस्को पर दागे गये 81 ड्रोनों को मार गिराया। सरकारी एजेंसी तास ने सोब्यानिन के हवाले से बताया कि यह 24 फरवरी, 2022 को रूस द्वारा युद्ध के आगाज के बाद से मॉस्को पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक था।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोद क्षेत्र में एक ड्रोन के ट्रक से टकराने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार सुबह बताया कि वायुसेना ने रात भर में देश के ऊपर दागे गये 556 ड्रोन नष्ट कर दिए।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में।,000 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए। रूस के सबसे बड़े हवाई अड्डे मॉस्को के शेरेमेत्येवो ने बताया कि ड्रोन का मलबा उसके परिसर में गिरा, लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने शनिवार रात को करीब 287 ड्रोन से हमला किया, जिनमें से 279 को मार गिराया गया।