वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

लेबनान में इजराइल के हमलों में 16 लोग मारे गए

प्रकाशित: 21-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
तायर (लेबनान), (एपी)। युद्धविराम समझौते की खबरों के कुछ ही घंटों बाद, शनिवार को दक्षिणी लेबनान में इज़राइल के हमलों में दो बच्चों सहित कम से कम 16 लोग मारे गए। इस तरह लेबनान में युद्ध के जारी रहने से ईरान और अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए हुआ अंतरिम समझौता खतरे में पड़ गया है। इस बीच, ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने लेबनान में इजराइल द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों का हवाला देते हुए कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य फिर से बंद कर दिया गया है। वहीं, ईरान के सरकारी टेलीविज़न ने शनिवार को कहा कि देश की वार्ताकार टीम युद्ध संबंधी अंतरिम समझौते पर अमेरिका के साथ बातचीत करने स्विट्ज़रलैंड जा रही है। लेबनान की नेशनल न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि हमलों में दक्षिणी शहर नबातीयेह और आस-पास के गांवों को निशाना बनाया गया। इसने कहा कि कम से कम सात लोग मलबे में दबे हैं। शुक्रवार को इजराइल और चरमपंथी समूह हिज़्बुल्ला के बीच भीषण लड़ाई में लेबनान में कम से कम 47 लोगों और चार इज़राइली सैनिकों के मारे जाने के बाद मध्यस्थ इस लड़ाई रोकने की कोशिश में जुटे हैं। इजराइली सेना के एक अधिकारी ने बताया कि हिज़्बुल्ला ने रात भर में दक्षिणी लेबनान में इज़राइली सेना पर 50 से ज़्यादा रॉकेट दागे, जिसके बाद सेना ने चरमपंथी गुट को निशाना बनाना शुरू कर दिया।