वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

श्रद्धा कपूर की ‘ईथा' ने मचाई सनसनी

प्रकाशित: 21-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
श्रद्धा कपूर की ‘ईथा' ने मचाई सनसनी
वीर अर्जुन समाचार ब्यूरो
नई दिल्ली। वर्ष 2024 में फिल्म ‘स्त्राr 2' से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। इस बार वह किसी काल्पनिक या मनोरंजक किरदार में नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की महान लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन को पर्दे पर जीवंत करती नजर आएंगी। उनकी आगामी जीवनीपरक फिल्म ‘ईथा' का टीजर सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया, जिसके बाद उसकी झलकियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। महज कुछ क्षणों के इस टीजर ने दर्शकों के बीच ऐसी उत्सुकता पैदा कर दी है कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही इसे वर्ष की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जाने लगा है।
सोशल मीडिया पर सामने आए टीजर में श्रद्धा कपूर का रूपांतरण दर्शकों को चौंका देने वाला नजर आता है। टीजर की शुरुआत एक भावनात्मक दृश्य से होती है, जिसमें विठाबाई के रूप में श्रद्धा कपूर प्रसव पीड़ा से गुजरती दिखाई देती हैं। नौ माह की गर्भावस्था के बावजूद मंच पर प्रस्तुति देने की उनकी जिद और कला के प्रति समर्पण दर्शकों को भावुक कर देता है। प्रसव के बाद भी मंच पर लौटने का उनका निर्णय उस संघर्ष और समर्पण को दर्शाता है जिसने विठाबाई को लोककला की दुनिया में अमर बना दिया। टीजर का सबसे प्रभावशाली क्षण वह संवाद है जिसमें विठाबाई कहती हैं, पड़ी-पड़ी मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी। यह संवाद सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कई दर्शकों ने इसे फिल्म का सबसे दमदार पल बताया है। इसके बाद टीजर में विठाबाई के जीवन की विभिन्न झलकियां दिखाई जाती हैं, जिनमें उनकी कला के प्रति दीवानगी, संघर्ष और मंच के प्रति अटूट समर्पण स्पष्ट नजर आता है। टीजर के सामने आते ही श्रद्धा कपूर की अभिनय क्षमता की जमकर प्रशंसा होने लगी। सोशल मीडिया मंचों पर प्रशंसकों ने उन्हें अब तक के करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने वाली अभिनेत्री बताया। कई लोगों ने दावा किया कि यह भूमिका उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार तक पहुंचा सकती है। एक प्रशंसक ने लिखा कि श्रद्धा कपूर का अभिनय, व्यक्तित्व और पीन उपस्थिति अद्भुत है तथा उन्होंने इस किरदार को पूरी तरह आत्मसात कर लिया है। वहीं दूसरे प्रशंसकों ने कहा कि अभिनेत्री लंबे समय बाद ऐसे किरदार में नजर आ रही हैं, जो उनके अभिनय की नई परतों को सामने लाएगा। ‘ईथा' का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्मकार लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जो अपने संवेदनशील और यथार्थपरक निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। फिल्म महाराष्ट्र की महान लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। विठाबाई को तमाशा और लावणी कला की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियों में गिना जाता है।
उन्होंने ऐसे समय में अपनी पहचान बनाई थी जब लोककलाओं से जुड़ी महिला कलाकारों को अनेक सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। इसके बावजूद उन्होंने अपने अद्भुत नृत्य, गायन और मंचीय प्रस्तुति के बल पर कला जगत में विशेष स्थान हासिल किया।