वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

शांति वार्ता रद्द हुई तो ईरान पर हमला करेगा अमेरिका? ऑपरेशन मिडनाइट हैमर का जिक्र कर ट्रंप ने दिए संकेत

प्रकाशित: 21-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शांति वार्ता रद्द हुई तो ईरान पर हमला करेगा अमेरिका? ऑपरेशन मिडनाइट हैमर का जिक्र कर ट्रंप ने दिए संकेत
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता की पाकिस्तान की कोशिशों पर पानी फिरता नजर आ रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्धविराम से पहले दोनों देशों के बीच इस्लामाबाद में शांति वार्ता होनी है, लेकिन ईरान बार-बार इस शांति वार्ता को लेकर बयान दे रहा है. जिससे इस वार्ता के रद्द होने की आशंका भी बढ़ गई है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से अमेरिका के ऑपरेशन मिड नाइट हैमर का जिक्र किया है. ट्रंप के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि अगर दो सप्ताह के सीजफायर की समयसीमा खत्म होने से पहले होने वाली अमेरिका-ईरान की शांति वार्ता टली तो अमेरिका ईरान पर फिर से हमला कर सकता है.
सीजफायर की डेडलाइन से पहले होनी है शांति वार्ता
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल दो सप्ताह का सीजफायर लागू है. जिसका आखिरी दिन 22 अप्रैल यानी बुधवार है. वहीं दूसरी ओर मंगलवार और बुधवार को अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता भी प्रस्तावित है. लेकिन ईरान के रुख से इस वार्ता पर भी संकट मंडरा रहा है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ पिछले साल जून में चलाए गए ऑपरेशन मिड नाइट हैमक का जिक्र कर दुनियाभर के देशों को संशय में डाल दिया.
सीजफायर खत्म होने से पहले क्या बोले ट्रंप?
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने कहा कि ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के तहत ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अब इन जगहों को दोबारा इस्तेमाल लायक बनाना आसान नहीं होगा. उन्हें फिर से तैयार करने में काफी लंबा समय और मेहनत लगेगी.
मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाने का लगाया आरोप
इसके साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने सीएनएन समेत अन्य मीडिया नेटवर्क पर भी फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ये फेक न्यूज मीडिया हैं. इन्हें चलाने वाले जानबूझकर उनकी उपलब्धियों को छोटा दिखा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऐसे मीडिया को भ्रष्ट बताते हुए उनकी कड़ी आलोचना की. ट्रंप के इस बयान से साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत रद्द हुई तो मध्य पूर्व में एक बार फिर से तनाव बढ़ सकता है. जिसका सबसे ज्यादा असर ईरान पर पड़ेगा. क्योंकि इस बार ट्रंप आरपास के मूड में नजर आ रहे हैं.
क्या सीजफायर को आगे बढ़ाएंगे ट्रंप?
इसके साथ ही 22 अप्रैल को खत्म होने वाली सीजफायर की समय सीमा को लेकर भी ट्रंप कह चुके हैं कि वे अस्थाई युद्धविराम को आगे नहीं बढ़ाएंगे. ट्रंप ने कहा था कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, उनके दामाद जैरेड कुशनर और दूत स्टीव विटकॉफ इस्लामाबाद में वार्ता करेंगे. वहां पाकिस्तानी अधिकारी तैयार थे, लेकिन ईरान ने दूसरे दौर की बातचीत के लिए स्थिति साफ नहीं की. इसके बाद बाद में वेंस का काफिला व्हाइट हाउस में दिखाई दिया. ट्रंप ने ये भी कहा कि बुधवार (22 अप्रैल) को युद्धविराम समाप्त होगा लेकिन वे इसे आगे बढ़ाने के मूड में नहीं है.