वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

छत्तीसगढ़ : बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर

प्रकाशित: 12-11-2025 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
छत्तीसगढ़ : बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर
अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राज्य पुलिस के अतिरिक्त बल को आसपास के क्षेत्रों में भेजा गया है, जिससे अन्य फरार माओवादियों की घेराबंदी की जा सके.

उन्होंने बताया कि चूंकि अभियान अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के स्थान, अभियान में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की जा सकती, ताकि अभियान में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने तारलागुड़ा क्षेत्र के अंतर्गत अन्नाराम गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद एक घायल माओवादी को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि घायल माओवादी का उपचार और पूछताछ जारी है.
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने बीजापुर में सुरक्षाबलों की नक्सल रोधी कार्रवाई में मिली बड़ी सफलता पर बधाई दी है.
मुख्यमंत्री ने कहा, ''छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त दल द्वारा नक्सलियों के साथ जारी मुठभेड़ में अब तक छह नक्सली मारे जा चुके हैं. यह लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में सुरक्षाबलों के जवानों की बड़ी सफलता है.''
साय ने कहा, ''नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक देश और प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने का जो संकल्प लिया गया है, उसकी दिशा में यह एक और निर्णायक कदम है. छत्तीसगढ़ सरकार इस मिशन को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है.''
इस कार्रवाई के साथ, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 259 नक्सली मारे जा चुके हैं. इनमें से 230 बस्तर संभाग में मारे गए हैं, जिसमें बीजापुर समेत सात जिले शामिल हैं, जबकि 27 अन्य गरियाबंद जिले में मारे गए हैं, जो रायपुर क्षेत्र में आता है.
दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दो और नक्सली मारे गए हैं. पुलिस ने बताया कि 22 सितंबर को, प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के दो बड़े नेता राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी (63) और कोसा दादा उर्फ कडारी सत्यनारायण रेड्डी (67), दोनों केंद्रीय समिति सदस्य, राज्य के नारायणपुर जिले में एक मुठभेड़ में मारे गए थे.