वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

आईटी शेयरों में बिकवाली और कच्चे तेल के दाम चढ़ने से सेंसेक्स 304 अंक टूटा

प्रकाशित: 04-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुंबई, (भाषा)। स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र की तेजी के बाद बुधवार को फिर गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी नुकसान में रहे। विश्लेषकों के अनुसार, आईटी शेयरों में भारी बिकवाली, कच्चे तेल की कीमत में फिर से तेजी और संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से बाजार नुकसान में रहा। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 303.67 अंक यानी 0.41 प्रतिशत टूटकर 74,346.17 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह।,157.24 अंक तक लुढ़क गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 77.95 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,405.60 अंक पर बंद हुआ। दोनों मानक सूचकांकों में मंगलवार को चार दिन की गिरावट के बाद लगभग आधा प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गयी थी। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में 8.43 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। टेक महिंद्रा (6.23 प्रतिशत), एचसीएल टेक (5.25 प्रतिशत) और इन्फोसिस (3.82 प्रतिशत) भी नुकसान में रहीं। इसके अलावा आईटीसी, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फाइनेंस में प्रमुख रूप से गिरावट आई। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और ट्रेंट शामिल हैं। वैश्व्कि तेल मानक ब्रेंट क्रूड तीन प्रतिशत बढ़कर 98.92 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 8,362.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद घरेलू बाजार शुरुआती नुकसान से तेजी से उबरे।
यह उछाल मुख्य रूप से बैंकिंग शेयरों में आई तेजी के कारण आया। हालांकि, मुनाफावसूली और वैश्व्कि अनिश्चितताओं के चलते आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा, घरेलू शेयर बाजार में आज एक बार फिर अत्यधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वैश्व्कि तनाव को लेकर चिंता, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के चलते बाजार दबाव में खुले।
उन्होंने कहा कि आज की सबसे महत्वपूर्ण बात आईटी क्षेत्र में आई भारी बिकवाली है।
हरिप्रसाद ने कहा, ... निवेशकों द्वारा वैश्व्कि प्रौद्योगिकी विकास की उम्मीदों का आकलन करने के कारण इस क्षेत्र में भारी मुनाफावसूली देखने को मिली।
मझोली कंपनियों का सूचकांक बीएसई मिडकैप सेलेक्ट 0.73 प्रतिशत नीचे आया जबकि छोटी कंपनियों से संबंधित स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.15 प्रतिशत टूटा।
बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में से 2,400 शेयर नुकसान में रहे। 1812 शेयरों में तेजी आई जबकि 174 शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट उच्च स्तर पर बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहा। दक्षिण कोरियाई बाजार अवकाश के कारण बंद थे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक स्तर पर बंद हुए थे।
सेंसेक्स मंगलवार को 382.50 अंक चढ़कर 74,649.84 अंक और निफ्टी 100.95 अंक की मजबूती के साथ 23,483.55 अंक पर बंद हुआ था।