वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

कच्चे तेल के दाम में उछाल से सेंसेक्स 388 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में

प्रकाशित: 12-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुंबई, (भाषा)। स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक...बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी नुकसान में रहे। वैश्व्कि स्तर पर अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल के दाम में तेजी के साथ निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से बीएसई सेंसेक्स 388 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी में 112 अंक की गिरावट आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 388.19 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,154.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 494.18 अंक यानी 0.62 प्रतिशत टूटकर 78,048.26 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 112.10 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,471.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और पावर ग्रिड के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई। वहीं इटर्नल, इन्फोसिस, टाइटन, एचसीएल टेक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर लाभ में रहे। वैश्व्कि तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.18 प्रतिशत बढ़कर 89.63 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स और निफ्टी में करीब आधा प्रतिशत की गिरावट रही। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और साप्ताहिक वायदा एवं विकल्प खंड में अनुबंधों की समाप्ति से जुड़ी अस्थिरता ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि कारोबार के दौरान वैश्व्कि तेल कीमतों में दोबारा आई तेजी बाजार के लिए सबसे बड़ी चुनौती रही। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से एक बार फिर महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है। इससे बेहतर तिमाही नतीजों के बावजूद निवेशकों का उत्साह कम हुआ। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही प्रभावित होने और अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता के कारण बाजार में सतर्कता बनी रही।