वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

निवेशकों के भरोसे में देश के बड़े राज्यों में छत्तीसगढ़ अव्वल

प्रकाशित: 23-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
रायपुर, (वीअ)। क्रिसिल-नीति आयोग इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण मानकों पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। राज्य ने नियमों में आसानी (रेगुलेटरी ईज) और संस्थागत माहौल में देश के 17 बड़े राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं पर्यावरणीय लचीलेपन के मामले में छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। समग्र रैंकिंग में राज्य को 47.5 अंक के साथ नौवां स्थान मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निवेशक-अनुकूल नीतियों और प्रशासनिक सुधारों का असर निवेश प्रस्तावों पर भी दिखाई दे रहा है। सरकार के अनुसार, पिछले करीब 18 महीनों में राज्य को लगभग आठ लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें सेमीकंडक्टर, एआई, डेटा सेंटर, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे उभरते क्षेत्रों के प्रस्ताव शामिल हैं। रेगुलेटरी ईज के मामले में छत्तीसगढ़ को 12 में से 8.4 अंक मिले हैं, जबकि संस्थागत माहौल में राज्य ने छह में से 4.5 अंक हासिल किए। सरकार का दावा है कि अनुमतियों की प्रािढया को सरल बनाने, नीतिगत स्थिरता, शिकायतों के त्वरित समाधान और नियामकीय बोझ कम करने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। औद्योगिक विकास नीति 2024-30, छत्तीसगढ़ जन विश्वास अधिनियम और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम-2026 को इसी दिशा में किए गए प्रमुख सुधारों के रूप में बताया गया है। नवा रायपुर में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसकी क्षमता एक लाख जीपीयू तक बताई गई है। सरकार के अनुसार, राज्य में संसाधनों की उपलब्धता, भरोसेमंद बिजली, वित्तीय अनुशासन और मजबूत औद्योगिक आधार भी निवेश आकर्षित करने में मददगार साबित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इंडेक्स में राज्य का प्रदर्शन सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और निवेशक-अनुकूल वातावरण की पुष्टि है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य निवेश के साथ रोजगार और समावेशी औद्योगिक विकास को गति देना है।