वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली में खुलेंगे दो AI एक्सीलेंस सेंटर, 100 स्टार्टअप्स को मिलेगा समर्थन और 1000 युवाओं को नौकरी

प्रकाशित: 24-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
दिल्ली में खुलेंगे दो AI एक्सीलेंस सेंटर, 100 स्टार्टअप्स को मिलेगा समर्थन और 1000 युवाओं को नौकरी
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए दो AI उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने का निर्णय किया है. दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री डाॅ. पंकज सिंह का कहना है कि इससे लगभग 100 स्टार्टअप्स को समर्थन मिलेगा. इन केंद्रों में सात हजार से अधिक लोगों को प्रशिक्षण मिलेगा और एक हजार से अधिक नौकरियां सृजित होंगी. उन्होंने कहा कि नवाचार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एआई में निवेश किया जाएगा.
प्रत्येक केंद्र को 20 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के साथ विकसित किया जाएगा. इलेक्ट्राॅनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय द्वारा 40:40:20 योगदान माॅडल पर यह आधारित होगा. इन केंद्रों से नवाचार और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन मिलेगा. साथ ही तकनीक से नागरिकों के जीवन में सार्थक सुधार लाने में मदद मिलेगी.
दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इनोवेशन और आर्थिक विकास के रूप में दिल्ली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में निवेश करके भविष्य की ओर एक निर्णायक कदम बढ़ा रही है. ये एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस न केवल अत्याधुनिक रिसर्च और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देंगे, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि टेक्नोलॉजी का लाभ सीधे हमारे नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने में भी सार्थक रूप से मदद करें.
मुख्य उद्देश्य और संभावित लाभ
एआई उत्कृष्टता केंद्रों को एक समग्र प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जाएगा, जो सरकार, शिक्षा जगत और उद्योग को मिलकर एआई आधारित नवाचार, अनुसंधान और एक मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम को आगे बढ़ाएंगे. यह पहल स्टार्टअप्स को उनके अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने में सहायता प्रदान करेगी. इन केंद्रों का एक प्रमुख उद्देश्य गवर्नेंस में एआई आधारित समाधानों को लागू करना है, जिससे सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी. साथ ही राजधानी में डिजिटल गवर्नेंस को मजबूती मिलेगी.
आईटी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आगे कहा कि इस पहल के माध्यम से हम कुशल एआई पेशेवरों की मजबूत टीम तैयार करना चाहते हैं. साथ ही स्टार्टअप्स और उभरते प्रौद्योगिकी पेशेवरों को वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने में सक्षम बनाना चाहते हैं. हमारा लक्ष्य ऐसा इकोसिस्टम बनाना है, जहां विचार प्रभावी समाधानों में बदल सकें. इसके अतिरिक्त एआई उत्कृष्टता और आईटी क्षेत्र में बेहतर निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे. इनोवेशन और उद्यमिता को बढ़ावा देकर ये केंद्र राजधानी दिल्ली को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों के क्षेत्र में एक अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.