वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

चेहरा झुलसा, 3 बार पैर का ऑपरेशन… हमले में बुरी तरह घायल हुए ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, अब होगी प्लास्टिक सर्जरी?

प्रकाशित: 24-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चेहरा झुलसा, 3 बार पैर का ऑपरेशन… हमले में बुरी तरह घायल हुए ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, अब होगी प्लास्टिक सर्जरी?
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद अब मुल्क की जिम्मेदारी उनके बेटे मोजतबा खामेनेई के कंधों पर आ गई. लेकिन जब से उन्हें ईरान की कमान सौंपी गई है, तब से वो एक बार भी दिखाई नहीं दिए हैं. ऐसे में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मोजतबा खामेनेई हैं कहां. ताजा जानकारी के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई इस समय गंभीर चोटों से जूझ रहे हैं. वो एक बड़े हमले में बुरी तरह घायल हो गए थे, जिसके बाद से उनका लगातार इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि उनकी हालत इतनी गंभीर है कि उन्हें अब तक कई बार सर्जरी से गुजरना पड़ा है.
प्लास्टिक सर्जरी की पड़ेगी जरूरत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई के एक पैर का तीन बार ऑपरेशन किया जा चुका है और अब उन्हें आर्टिफिशियल पैर (Prosthetic) की जरूरत पड़ सकती है. इसके अलावा उनके एक हाथ की भी सर्जरी हुई है और वो धीरे-धीरे ठीक हो रहा है. सबसे ज्यादा असर उनके चेहरे पर पड़ा है. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उनके चेहरा और होंठ बुरी तरह जल गए हैं, जिससे उन्हें बोलने में भी दिक्कत हो रही है. डॉक्टरों का मानना है कि आने वाले वक्त में उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ेगी.
कब हुआ था हमला?
मोजतबा खामेनेई पर ये हमला 28 फरवरी 2026 को हुए बड़े सैन्य एयरस्ट्राइक के दौरान हुआ था, जिसमें उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. उसी हमले में मोजतबा खामेनेई भी घायल हो गए थे. गंभीर चोटों की वजह से खामेनेई तब से एक बार भी सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आ पा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो फिलहाल सुरक्षित जगह पर रहकर इलाज करवा रहे हैं और सीमित लोगों को ही उनसे मिलने की इजाजत है. उनकी खराब सेहत का असर ईरान की राजनीति पर भी साफ दिख रहा है. बताया जा रहा है कि देश के बड़े फैसले अब सेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के वरिष्ठ अधिकारी मिलकर ले रहे हैं.