वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में रिकॉर्ड मतदान, कुछ जगहों पर हिंसा से माहौल तनावपूर्ण

प्रकाशित: 24-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में रिकॉर्ड मतदान, कुछ जगहों पर हिंसा से माहौल तनावपूर्ण
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, हालांकि कुछ स्थानों पर छिटपुट हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम छह बजे तक राज्य में 91 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो हाल के चुनावों में सबसे ज्यादा है। दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे अधिक 93.12 प्रतिशत वोटिंग हुई।
सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में भीषण गर्मी और उमस के बावजूद मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। दिनभर मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। कुल 3.60 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से बड़ी संख्या ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हुई, जिनमें 167 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
हालांकि, कुछ जिलों में हिंसा और झड़पों की खबरों ने चुनावी माहौल को प्रभावित किया। बीरभूम, मुर्शिदाबाद, मालदा और दक्षिण दिनाजपुर जैसे इलाकों में राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच टकराव देखने को मिला। कई जगहों पर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों पर हमले, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। निर्वाचन आयोग ने इन मामलों में रिपोर्ट तलब की है।
वहीं, तमिलनाडु में भी सभी 234 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। यहां शाम पांच बजे तक करीब 82 प्रतिशत से अधिक वोटिंग दर्ज की गई, जो अंतिम आंकड़ों में और बढ़ सकती है। मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ और पूरे राज्य में मतदाताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली।
तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रमुक, अन्नाद्रमुक और अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी के बीच माना जा रहा है। कई प्रमुख नेताओं ने सुबह ही मतदान कर लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने दोनों राज्यों के मतदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि यह आजादी के बाद अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है, जो लोकतंत्र के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।