वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

होली पर बदला दिल्ली मेट्रो का समय, 9 घंटे तक बंद रहेंगी सेवाएं; जानिए नई टाइमिंग

प्रकाशित: 03-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
होली पर बदला दिल्ली मेट्रो का समय, 9 घंटे तक बंद रहेंगी सेवाएं; जानिए नई टाइमिंग
होली के मौके पर दिल्ली में सफर करने वालों के लिए अहम खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बुधवार (4 मार्च) को मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है. त्योहार और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस दिन सुबह 5:30 से दोपहर 2:30 बजे तक दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं बंद रहेंगी. यानी यात्री सुबह से 9 घंटे तक मेट्रो का उपयोग नहीं कर पाएंगे. DMRC के अनुसार, 4 मार्च को सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं ठीक दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगी. इसके बाद मेट्रो ट्रेनें सामान्य दिनों की तरह चलती रहेंगी. शाम और रात के समय यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. इस बदलाव में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल
एयरपोर्ट यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
जो लोग 4 मार्च को एयरपोर्ट आने या जाने की योजना बना रहे हैं, उन्हें खास ध्यान रखना होगा. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी दोपहर 2:30 बजे तक कोई सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी. ऐसे में यात्रियों को अपने सफर की योजना पहले से बनानी चाहिए और जरूरत हो तो टैक्सी या अन्य साधनों का इंतजाम कर लेना चाहिए.
त्योहार को देखते हुए लिया गया फैसला
होली के दिन सुबह अधिकतर लोग घर पर ही परिवार और दोस्तों के साथ त्योहार मनाते हैं. रंग और पानी की वजह से बाहर निकलने वालों की संख्या कम रहती है. इसी कारण हर साल मेट्रो प्रशासन सुबह के समय सेवाओं में बदलाव करता है. इस बार भी यात्रियों की कम आवाजाही को देखते हुए दोपहर बाद से संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया है.
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का अपडेट
वहीं National Capital Region Transport Corporation (NCRTC) ने जानकारी दी है कि होली के दिन नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक ही उपलब्ध रहेंगी. सुबह और दोपहर में ये सेवाएं बंद रहेंगी. सामान्य दिनों में ये सेवाएं सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलती हैं.